NEWS

बिहार चुनावः आज से दो दिनों के बिहार दौरे पर नड्डा, नीतीश कुमार से कर सकते हैं मुलाकात

New Delhi/Patna: बिहार में चुनावी सरगर्मी बढ़ी हुई हैं. अक्टूबर-नवंबर में राज्य में विधानसभा चुनाव होने है. ऐसे में राजनीतिक दल पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गये हैं. बिहार में एनडीए, जेडीयू अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है.

वहीं भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार से दो दिनों के बिहार दौरे पर रहेंगे. इस दौरान उनकी राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आगामी विधानसभा चुनाव के सिलसिले में मुलाकात हो सकती है.बिहार में अक्टूबर-नवम्बर महीने में विधानसभा के चुनाव हो सकते हैं और इसके लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव में उतरने के लिए कमर कस चुका है.
इसे भी पढ़ेंः LAC विवादः तनाव कम करने के लिए 5 प्वाइंट पर सहमति, मास्को में हुई भारत-चीन विदेश मंत्री की मुलाकात

बीजेपी कोर कमेटी बैठक में होंगे शामिल

भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ के सह-संयोजक संजय मयूख ने एक बयान में कहा कि इस दौरे में नड्डा प्रदेश भाजपा के नेताओं के साथ कई बैठकें करेंगे. वह प्रदेश भाजपा कोर कमिटी की बैठक को भी संबोधित करेंगे. यह पूछे जाने पर कि क्या इस दौरान नड्डा नीतीश कुमार से भी मुलाकात करेंगे, पार्टी के एक नेता ने कहा कि इसकी संभावना है. नड्डा के साथ पार्टी महासचिव और बिहार के प्रभारी भूपेंद्र यादव भी राज्य के दौरे पर रहेंगे.

‘आत्मनिर्भर बिहार’ अभियान की करेंगे शुरुआत

नड्डा शुक्रवार शाम पांच बजे पटना पहुंचेंगे. प्रदेश भाजपा कार्यालय में वह चुनाव संचालन समिति की बैठक लेंगे और पदाधिकारियों को संबोधित भी करेंगे. अगले दिन शनिवार को वह प्रदेश भाजपा कार्यालय से ‘आत्मनिर्भर बिहार’ अभियान का शुभारंभ करेंगे और ‘आत्मनिर्भर रथ’ को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे.

नड्डा दरभंगा में मखाना अनुसंधान केंद्र पर मखाना उत्पादक एवं मछली उत्पादकों के साथ बैठक करेंगे एवं उनके साथ विचार विमर्श करेंगे. इसके अलावा मुजफ्फरपुर के पद्मश्री किसान चाची के गांव इब्राहिमपुर (सरैया के निकट) भी जाएंगे तथा वहां लीची कृषक एवं महिला किसानों के साथ बैठक करेंगे.

बता दें कि बिहार में भाजपा और जदयू के अलावा राजग का तीसरा घटक दल रामविलास पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी है. लेकिन लोजपा और जदयू के बीच संबंधों में पिछले कुछ महीनों से तनातनी चल रही है.

इसे भी पढ़ेंः भेलवाघाटी नरसंहार की 15वीं बरसी आज: उस खूनी रात को याद कर अब भी भयभीत हो जाते हैं ग्रामीण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button