
New Delhi: दो जुलाई को यूपी पुलिस की टीम पर हमला, उज्जैन में विकास की गिरफ्तारी और उसके इनकाउंटर में मारे जाने के पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठ रहे हैं. और इसकी जांच की मांग भी तेज होती जा रही है.
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी विकास दुबे के कथित मुठभेड़ में मारे जाने के बाद शुक्रवार को कहा कि कानपुर कांड की उच्चतम न्यायालय के किसी न्यायाधीश से न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए ताकि पूरी सच्चाई जनता के सामने आ सके.
इसे भी पढ़ेंःइस IPS ने 24 घंटे पहले ही बता दिया था कैसे होगा विकास दुबे का एनकाउंटर
अपराधियों को संरक्षण देनेवालों का सच सामने आना चाहिए
प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि विकास दुबे जैसे अपराधियों को संरक्षण देने वालों की असलियत सामने आने तक शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को न्याय नहीं मिल पाएगा.
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका ने एक वीडियो जारी कर कहा, ‘भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश में बदल डाला है. उनकी अपनी सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश बच्चों के खिलाफ अपराध में सबसे ऊपर है, महिलाओं के खिलाफ अपराध में सबसे ऊपर है, दलितों के खिलाफ अपराध में सबसे ऊपर है, अवैध हथियारों के मामलों में सबसे आगे है, हत्याओं में सबसे ऊपर है.’’
उप्र की कानून-व्यवस्था बदतर हो चुकी है। राजनेता-अपराधी गठजोड़ प्रदेश पर हावी है। कानपुर कांड में इस गठजोड़ की सांठगांठ खुलकर सामने आई।
कौन-कौन लोग इस तरह के अपराधी की परवरिश में शामिल हैं- ये सच सामने आना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज से पूरे कांड की न्यायिक जाँच होनी चाहिए pic.twitter.com/vRHQlsaJ3y
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 10, 2020
उन्होंने दावा किया, ‘उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत बिगड़ चुकी है. इस स्थिति में विकास दुबे जैसे अपराधी फल-फूल रहे हैं. इन्हें कोई रोकने वाला नहीं है. पूरा प्रदेश जानता है कि इनको राजनीतिक और सत्ता का संरक्षण मिलता है.’
इसे भी पढ़ेंःविकास दुबे एनकाउंटर: कानपुर एसएसपी ने बताया, गाड़ी क्यों पलटी
सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश करें जांच
प्रियंका ने सवाल किया कि विकास दुबे की कथित मुठभेड़ में मौत के बाद, कानपुर गोलीकांड में मारे गए पुलिसकर्मियों के परिजन को कैसे भरोसा दिलाया जा सकेगा कि उन्हें न्याय मिलेगा? उन्होंने कहा, कांग्रेस की मांग की है कि उच्चतम न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश से कानपुर कांड की न्यायिक जांच कराई जाए और पूरी सच्चाई जनता के सामने लाई जाए.
उन्होंने कहा कि विकास दुबे जैसे अपराधियों को संरक्षण देने वालों की असलियत सामने आनी चाहिए क्योंकि जब तक ऐसा नहीं होगा, तब तक पीड़ित परिवारों के साथ न्याय नहीं हो सकेगा. बता दें कि बसपा प्रमुख मायावती ने भी पूरे मामले की जांच की मांग की है.
गौरतलब है कि कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी विकास दुबे शुक्रवार की सुबह कानपुर के भौती इलाके में पुलिस के साथ कथित मुठभेड़ में मारा गया.
विकास दुबे को गुरुवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था.
इसे भी पढ़ेंःVikas Dubey Encounter: ‘उम्मीद है कि विकास दुबे कानपुर न पहुंचे’, पुलिस अधिकारी का वीडियो वायरल




