
Jamtara: जिले में राशन कार्ड की समस्या बरकरार है. यहां अमीरों के नाम से राशन कार्ड बन गये हैं और गरीब इसके लिए विभाग के चक्कर काट रहे हैं. उनके राशन कार्ड नहीं बन रहे हैं. हर दिन ये लोग प्रखंड कार्यालय व जिला कार्यालय की दौड़ लगा रहे हैं. लेकिन इनकी व्यथा सुनने वाला कोई नहीं है.
अगर किसी का कार्ड बन भी गया है तो उसमें परिवार के सदस्यों का नाम नहीं है. वहीं कुछ ऐसे भी कार्ड हैं जिसमें एक ही कार्ड में दर्जनों सदस्यों के नाम शामिल हैं. अब परिवार अलग हो चुका है तो ऐसे में उनके बीच राशन लेने को लेकर कलह होता रहता है.
इसे भी पढ़ें- अमेरिका के बाद भारतीय बाजार में हाहाकार, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1100 अंक लुढ़का
अमीरों के नाम काटने से डरते हैं डीलर
राशन कार्ड से अमीरों के नाम काटने से डीलर डरते हैं. डीलर को पता होने के बाद भी अमीरों का नाम राशन कार्ड से नहीं हटाया जा रहा है. अमीरों का नाम काटने से डीलर डरते हैं. वहीं वार्ड सदस्य से लेकर मुखिया तक वोट के लिए इनका नाम काटने की पहल नहीं कर रहे हैं.
गौरतलब है कि जामताड़ा जिले में लगभग 9 लाख के आसपास की आबादी है. जबकि राशन कार्ड से 7 लाख 35 हजार 248 लोगों को जोड़ा गया है. शेष बची आबादी में लगभग 90 फीसदी गरीब लोग शामिल हैं जो कि राशन कार्ड से वंचित हैं.
इसे भी पढ़ें- CoronaUpdate: संक्रमण के टूटे सारे रिकॉर्ड, 24 घंटे में 11,000 के करीब नये केस, लगभग 400 लोगों की मौत
जिला में कार्डधारी व सदस्यों की संख्या इस प्रकार है
- PH कार्डधारियों की संख्या 1 लाख 30 हजार 605, PH कार्डधारी सदस्य 6 लाख 33 हजार 637 है.
- AAY कार्डधारियों की संख्या 18 हजार 165. AAY सदस्यों की संख्या 78 हजार 622 है.
- सफेद कार्डधारियों की संख्या 6600 है वहीं सफेद कार्डधारी सदस्यों की संख्या 22 हजार 989 है.
नया कार्ड व नाम जोड़ने के लिए पड़े आवेदन
नया राशन कार्ड बनाने के लिए जिला कार्यालय में 19 हजार 417 आवेदन पड़े हैं. जिनमें से
6 हजार 848 का कार्ड बना है. जबकि 12 हजार 569 आवेदन लंबित हैं. वहीं नाम जोड़ने के लिए 50 हजार 976 आवेदनों में 9 हजार 183 का नाम जोड़ा गया है. शेष आवेदन लंबित पड़े हैं.
इसे भी पढ़ें- Corona संकट के बीच महंगाई की मार: लगातार छठे दिन बढ़ा तेल का दाम, पेट्रोल 57 व डीजल 59 पैसे महंगा
क्या कहते हैं पदाधिकारी
प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी कंचन भदोलिया ने कहा कि राशन कार्ड से अमीरों का नाम काटने के लिए सर्वे जारी है. हर प्रखंड से ऐसे लोगों का नाम हटाया जा रहा है जो इसके योग्य नहीं हैं. अब तक लगभग 500 अयोग्य लोगों का नाम राशन कार्ड से हटाया गया है. जितने लोगों का नाम लिस्ट से हटाया गया है उतने ही योग्य लोगों का नाम भी उसमें जोड़ा गया है. उनके नाम से कार्ड भी बनाया जा रहा है.




