
Dewas (Madhya Pradesh) : भाजपा के एक पार्षद पर बिजली विभाग के फ्यूज कॉल सेण्टर में घुस कर कथित रूप से कर्मचारी को पीटने और कंप्यूटर तोड़ने पर कोतवाली थाना पुलिस में मामला दर्ज किया गया है.
क्या है मामला
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजीव सिंह भदोरिया ने बताया कि देवास के वार्ड क्रमांक 33 के भाजपा पार्षद बाबू यादव (35) पर मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के फ्यूज कॉल सेण्टर में शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे घुस कर कर्मचारी को पीटने और कंप्यूटर तोड़ने के मामले में भादंवि की धारा 353, 332, 427 एवं 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि देवास के ए बी रोड पर मंडूक पुष्कर के पास स्थित विद्युत विभाग के फ्यूज कॉल सेण्टर के कर्मचारी अक्षय चौधरी रात की ड्यूटी पर था. तभी पार्षद यादव व एक अन्य व्यक्ति अन्दर घुस आए और आते ही चौधरी की पिटाई कर दी. इसके अलावा, पार्षद ने वहां रखा एक कंप्यूटर भी तोड़ दिया.
इसे भी पढ़ें- रिम्स में आठ महीने में आठ बार हड़ताल, 50 से अधिक मौत, जिम्मेवार कौन?
सीसीटीवी में वारदात रिकॉर्ड
भदोरिया ने बताया कि यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया और जिसके बाद शनिवार रात पीड़ित कर्मचारी वीडियो समेत कोतवाली थाने पहुंचा और मामला दर्ज करवाया. उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना जारी है. सूत्रों के अनुसार शिकायत का निवारण नहीं होने पर नाराज पार्षद ने बिजलीकर्मी की पिटाई की है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




