
Mumbai : मुंबई के धारावी इलाके में बुधवार को कोरोना वायरस के दो और मामले सामने आये हैं. जिससे घनी आबादी वाली इस बस्ती में संक्रमित लोगों की संख्या नौ हो गयी है. एक निकाय अधिकारी ने बताया कि नये मरीजों में मुकुंद नगर इलाके का 25 वर्षीय शख्स और धानवाडा चॉल का 35 वर्षीय शख्स शामिल है.
उन्होंने बताया कि मुकुंद नगर इलाके का मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये 49 वर्षीय व्यक्ति के संपर्क में आया था और उसे अलग केंद्र में रखा गया है. अधिकारी ने बताया कि धानवाडा चॉल में संपर्क में आये लोगों का पता लगाया जा रहा है, जहां एक अन्य मामला सामने आया है. उन्होंने बताया कि प्रोटोकॉल के अनुसार, वे इलाके को सील करने जा रहे हैं.
धारावी एशिया की सबसे बड़ी मलिन बस्ती में से एक है, जहां करीब 15 लाख लोग छोटी झुग्गियों में रहते हैं, जिससे यह इस महानगर का सबसे भीड़भाड़ वाला इलाका है.
इसे भी पढ़ें –#TabligiJamaat के छुपे हुए सदस्यों को MP के CM चौहान ने चेताया, 24 घंटे में सामने नहीं आये तो होगी कार्रवाई
आंध्र प्रदेश में 15 नये मामले सामने आये
आंध्र प्रदेश में मंगलवार रात के बाद से कोरोना वायरस संक्रमण के 15 नये मामले सामने आये हैं, जिसके साथ प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 329 पर पहुंच गयी. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने ताजा बुलेटिन में बताया कि राज्य में संक्रमितों की संख्या 329 हो गयी, जबकि कुल 319 मामले ऐसे हैं, जिनमें मरीजों का इलाज चल रहा है. संक्रमण के 15 नये मामलों में से छह एसपीएस नेल्लूर और छह कृष्णा जिले से हैं. जबकि तीन मामले चित्तूर जिले से हैं.
सर्वाधिक 74 मामले कुरनूल से हैं, जिसके बाद एसपीएस नेल्लूर में 49 मामले, गुंटूर में 41 मामले और कृष्णा जिले में कुल 35 मामले हैं. छह मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं, जबकि चार लोगों की मौत हो गयी है.
इसे भी पढ़ें – झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन की सरकार से अपील: पुलिसकर्मियों को दिये जाये हाई क्वालिटी मास्क व ग्लव्स
राजस्थान में पांच नये मामले सामने आये
वहीं राजस्थान में कोरोना वायरस के पांच नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बुधवार सुबह बढ़कर 348 हो गयी. अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि जयपुर में तीन, बीकानेर में एक तथा बांसवाड़ा में एक नया मामला आया है. जयपुर के नये मामलों में से दो घाट गेट व एक रामगंज से है. उन्होंने बताया कि ये सभी पहले से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में थे.
इसे भी पढ़ें – #Corona पॉजिटिव का आंकड़ा देश में 5000 के पार, #Lockdown बढ़ाने पर विचार कर रही केंद्र सरकार




