
NewDelhi : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने येस बैंक के प्रवर्तक राणा कपूर एवं अन्य के खिलाफ जारी मनी लौंड्रिंग जांच के संबंध में रिलायंस समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी को समन जारी किया है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने कहा कि येस बैंक से लिये गये कर्ज में से जो खाते गैरनिष्पादित परिसंपत्ति (NPA) में तब्दील हो गये, उनमें अनिल अंबानी के समूह की कंपनियां बड़े कर्जधारकों में हैं.
इस कारण उन्हें ईडी के मुंबई कार्यालय में सोमवार को उपस्थित होने को कहा गया है. अधिकारियों ने बताया कि अंबानी ने कुछ निजी कारणों से उपस्थित होने से छूट की मांग की है. संभव है कि उन्हें नयी तारीख दे दी जाये. अनिल अंबानी की कंपनियों द्वारा येस बैंक से लिये गये कर्ज में 12,800 करोड़ रुपये NPA हो गये हैं.
इसे भी पढ़ें : MP_Crisis: राजभवन में BJP विधायकों की परेड, फ्लोर टेस्ट को लेकर शिवराज ने SC में दाखिल की याचिका
अनिल अंबानी समूह, एस्सेल, आईएलएफएस, वोडाफोन येस बैंक के बड़े कर्जदारों में शामिल
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने छह मार्च को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि अनिल अंबानी समूह, एस्सेल, आईएलएफएस, डीएचएफएल और वोडाफोन येस बैंक के बड़े कर्जदारों में शामिल हैं. अधिकारियों ने कहा कि उन सभी बड़ी कंपनियों के प्रवर्तकों को बुलाया जायेगा, जिनके द्वारा येस बैंक ये लिये गये कर्ज NPA हो गये हैं. उन्होंने कहा कि मनी लौंड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत अनिल अंबानी का बयान दर्ज किया जायेगा. जान लें कि राणा कपूर अभी ईडी की हिरासत में हैं.
इसे भी पढ़ें : #MP_Crisis: कमलनाथ सरकार को राहत! नहीं हुआ फ्लोर टेस्ट, विधानसभा 26 मार्च तक स्थगित
राणा कपूर के कार्यकाल के दौरान भारी कर्ज दिया गया था.
अधिकारी ने कहा कि अंबानी को उनके ग्रुप को मिले ऋण और उसकी शर्तों के बारे में विस्तृत जानकारी देनी होगी. इसके साथ ही अगर उनका यस बैंक के साथ कोई साइड अनुबंध है तो उसका भी खुलासा करना पड़ेगा. सूत्रों का कहना है कि ईडी ने यस बैंक के पांच शीर्ष कर्जदारों की एक सूची तैयार की है जिन्हें राणा कपूर के कार्यकाल के दौरान भारी कर्ज दिया गया था. पिछले सप्ताह रिलायंस ग्रुप ने कहा था कि उनका राणा कपूर परिवार या उनके द्वारा नियंत्रित किसी भी कंपनी में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से कोई निवेश नहीं है.
इसे भी पढ़ें : #MP_Crisis : जयपुर से भोपाल लौटे कांग्रेस विधायकों का हुआ कोरोना टेस्ट, 16 को फ्लोर टेस्ट पर संशय




