Uncategorized

रघुवर दास ने कर्नाटक में जीत की दी बधाई, कहा- जिस तरह भारत कांग्रेस मुक्त हुआ, उसी तरह झारखंड जेएमएम मुक्त होगा 

Ranchi:  कर्नाटक विधानसभा चुनाव की गिनती खत्म होने से पहले मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रोजेक्ट भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी को जीत की बधाई दी. उन्होंने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बीजेपी को जो जनादेश कर्नाटक की जनता ने दिया है उसके लिए देश के पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को बधाई. सीएम ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पंडितों और विपक्ष ने कहा था कि यह चुनाव 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल है और इस सेमीफाइनल में बीजेपी ने जीत हासिल की है. साथ ही कहा कि जहां कांग्रेस की सरकार पहले से थी, वहां कांग्रेस का हार जाना यह साबित करता है कि कांग्रेस पार्टी की जनविरोधी नीतियों की वजह से कांग्रेस का ये हाल हुआ. जनता ने बीजेपी के जनकल्याणकारी नीतियों पर मुहर लगा दी है. बात जम्मु-कश्मीर की हो या फिर अटक से लेकर कटक तक की देश की 1.25 करोड़ की जनता का भरोसा नरेंद्र मोदी पर है.

पीएम मोदी की वजह से 4 से हुए 21

नरेंद्र मोदी के पीएम बने चार साल पूरे होने वाले हैं. जब मोदी पीएम बने थे तो उस वक्त देश भर में बीजेपी की सरकार सिर्फ चार राज्यों में थी. इन चार सालों में देश के 21 राज्यों में बीजेपी की सरकार है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वोतर राज्यों के बाद अब दक्षिण में भी बीजेपी का विजय रथ पहुंच चुका है. आने वाले दिनों में बंगाल से लेकर ओडिशा में भी बीजेपी का शासन होगा. इसके अलावा देश में कुछ राज्यों में जहां कांग्रेस की सरकार है उसे बीजेपी उखाड़ फेंकेगी. आने वाले समय में पूरा देश कांग्रेस मुक्त होगा. सीएम रघुवर दास ने कहा कि अभी (2.30 बजे) जो रूझान सामने आ रहे हैं, उससे साफ जाहिर है कि राज्य में बीजेपी सरकार बनाने जा रही है. इस तरह से पता चलता है कि पूरे देश की जनता जानती है कि कौन सी पार्टी उनके लिए जी और मर सकती है. बीजेपी अब एक स्वभाविक शासन करने वाली पार्टी बन गयी है.   

कांग्रेस किसी वक्त भगत सिंह की पार्टी थी, लेकिन अब राहुल और सोनिया की

सीएम रघुवर दास ने कहा कि देश की जनता समझ चुकी है कि देश में जात-पात औप सम्प्रदाय वाली नीति नहीं बल्कि सिर्फ विकास-विकास और विकास की राजनीति चलेगी. मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि कांग्रेस किसी समय जवाहर लाल नेहरू, सुभाष चंद्र बोस और भगत सिंह की पार्टी हुआ करती थी. लेकिन अब यह पार्टी एक परिवार तक सिमट कर रह गयी है. अब यह पार्टी सोनिया, राहुल और प्रियंका वाडरा की पार्टी बन कर रह गयी है.

इसे भी पढ़ेंःसरकार द्वारा रांची को लेकर बनाये गए मल्‍टीलेयर पार्किंग कॉन्सेप्‍ट पर महेश पोद्दार ने उठाया सवाल, प्रोजेक्ट को बताया परेशानी बढ़ाने वाला 

पीएम ने 2022 तक सबको आवास का भरोसा दिया, हम 2020 में ही देंगे

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य के हर प्रमंडल अधिकारियों के साथ बैठकें हो रही हैं. केंद्र सरकार की योजनाएं कैसे जमीन पर उतरे उसके लिए योजना तैयार की जा रही है. पीएम मोदी ने कहा कि 2022 तक हर गरीब के सिर पर छत होगी. लेकिन राज्य सरकार ने यह तय किया है कि 2020 तक सभी गरीब को सरकार की तरफ से आवास मुहैया कराया जाएगा. इसके अलावा उन्होंने कहा कि केंद्र की योजना है कि गांधी जी की 150वीं जयंती यानि 2019 में स्वच्छ भारत अभियान का मिशन पूरा कर लिया जाएगा. लेकिन झारखंड में स्वच्छ भारत अभियान के तहत 2018 में ही स्वच्छ झारखंड गांधी जी के कदमों में अर्पित कर दिया जाएगा. साथ ही कहा कि हर स्कूल में बिजली, आंगनबाड़ी में बिजली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली की व्यवस्था करने में सरकार जुटी हुई है. कहा कि प्रमंडल स्तर के बैठकों में डायन प्रथा, शिक्षा और स्वास्थ्य के अलावा गरीबी उन्मूलन हर तरह की योजना पर समक्षा की जा रही है.

स्कूलों और अस्पतालों में कॉन्ट्रेक्ट पर रखें शिक्षित युवा

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जिन जगह स्कूलों में टीचर नहीं हैं, वहां कॉन्ट्रैक्ट पर ग्रेजुएट युवाओं को स्कूलों में शिक्षक के तौर पर रखा जाए. अगर गांव आदिवासी जनजाति के हों तो उन्हीं के लोगों को मौका दिया जाए. वहीं अस्तपालों में बीएसई पास बच्चों को कॉन्ट्रैक्ट पर एएनएम बनाया जाए.

30 जून से एक महीना चलेगा हूल दिवस

हूल दिवस के बारे में सीएम रघुवर दास ने कहा कि आने वाले 30 जून से एक महीना तक सरकार की तरफ से हूल दिवस मनाया जाएगा. जिस तरीके से अंबेडकर दिवस पर 1000 आबादी वाले गांवों में सरकारी योजनाओं को पहुंचाने का काम किया गया था. उसी तरह से हूल दिवस के अवसर पर 500 आबादी वाले गांवों में सरकार की हर योजना पर काम होगा. इन योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना, ओडीएफ और बिजली पहुंचाने जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी.

गोमिया में बीजेपी और सिल्ली में आजसू की होगी जीत

गोमिया-सिल्ली उपचुनाव पर बीजेपी ने कहा कि गोमिया में हर कीमत पर बीजेपी की जीत होगी. वही सिल्ली में आजसू जीतेगी. हाल के निकाय चुनाव के नतीजों से स्पष्ट है कि झारखंड की जनता को बीजेपी पर अटूट विश्वास है. चुनाव जीतने के लिए अब विपक्ष पैसे की राजनीति कर रहा है. विपक्ष जम कर पैसा खर्च कर रहा है. लेकिन यह तय है कि पैसा हारेगा और पसीना जीतेगा.

झारखंड का सौभाग्य कि केंद्र सरकार के चार साल पूरा होने पर पीएम धनबाद में

25 मई को धनबाद में पीएम मोदी आ रहे हैं. इस मामले पर बोलते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि यह झारखंड का सौभाग्य है कि केंद्र सरकार के चार साल पूरा होने पर पीएम मोदी झारखंड में होंगे. वो यहां सालों से बंद पड़े 6500 की लागत से बनने वाले सिंदरी खाद कारखाना का शिलान्यास करेंगे. वहीं इसके अलावा एनटीपीसी और झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के साथ मिलकर 4000 मेगावाट बिजली उत्पादन करने वाली परियजोना का शिलान्यास करेंगे. देवघर के एम्स का शिलान्यास होगा. उम्मीद जतायी जा रही है कि 2019 तक देवघर एम्स का ओपीडी शुरू हो जाए. एम्स के शुरू होने से संताल के लोगों को काफी सुविधा हो जाएगी. अभी उन्हें छोटी सी बीमारी के लिए बंगाल जाना पड़ता है. साथ ही कहा कि वहीं पीएम मोदी के हाथों देवघर के एयरपोर्ट का भी शिलान्यास होगा. कोडरमा और चाईबासा में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास कराने की पूरी कोशिश रहेगी. पीएम दिल्ली वापस लौटने से पहले एयरपोर्ट पर पिछड़े जिले के डीसी के साथ मुलाकात करेंगे और उन जिलों में होने वाले विकास के बारे चर्चा करेंगे.

इसे भी पढ़ेंः बिना सर्टिफिकेट हैवी लाइसेंस बना पाना हुआ मुश्किल, सिर्फ धनबाद में है ट्रेनिंग संस्थान, फर्जीवाड़ा कर तीन जिलों से बनाये जा रहे लाइसेंस

कांग्रेस की तरह झारखंड भी हो जाएगा जेएमएम मुक्त

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जैसे भारत कांग्रेस मुक्त होने की कगार पर है, वैसे ही झारखंड जेएमएम मुक्त होने की कगार पर है. उन्होंने कहा कि जेएमएम अब झारखंड मुक्ति मोर्चा नहीं बल्कि मुद्रा मोचन पार्टी हो गयी है. आदिवासियों का अगर किसी ने सबसे ज्यादा शोषण किया है तो वो जेएमएम ही है. 14 सालों तक जेएमएम सत्ता में रही, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया. मधु कोड़ा के साथ जेएमएम थी. अर्जुन मुंडा के शासन काल में मंत्रीपरिषद में जेएमएम के मंत्री थे. जेएमएम और कांग्रेस ने मिलकर हमेशा से राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बना कर रखा. जनता कांग्रेस को जवाब दे चुकी है. आने वाले दिनों में जनता जेएमएम को जवाब देने वाली है. 2019 के चुनाव में जेएमएम और कांग्रेस दोनों साफ हो जाएंगे. झारखंड जल्द ही जेएमएम मुक्त बनेगा.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button