
Bokaro: जिले के नक्सल प्रभावित चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के झुमरा घोर तलहटी रजडेरवा में रविवार को पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ हुई. जानकारी के मुताबिक नक्सली कमांडर मिथिलेश सिंह उर्फ दुर्योधन महतो के दस्ता के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई.
दोनों ओर से करीब एक घंटे तक गोलीबारी होती रही. पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. वहीं नक्सलियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार घने जंगलों में सर्च अभियान चला रही है.
पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में कई नक्सलियों को गोली लगने की भी खबर है, हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है.
इसे भी पढ़ें- #DelhiElections: ARD की रिपोर्ट- AAP के 25% और BJP के 20% उम्मीदवार दागी
सर्च अभियान के दौरान हुई मुठभेड़
मिली जानकारी के अनुसार चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के झुमरा घोर तलहटी रजडेरवा में पुलिस सर्च ऑपरेशन पर निकली थी. इसी दौरान पुलिस को जंगल में देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दिया.
जिसके बाद पुलिस के जवानों ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि दोनों ओर से करीब एक घंटे तक गोलीबारी हुई इस दौरान करीब सैकड़ों राउंड गोलियां चली है.
इसे भी पढ़ें- मनरेगा स्थापना दिवस पर विशेष : कम मजदूरी और तकनीकी पेचीदगी का दंश झेल रहे हैं झारखंड के मनरेगा मजदूर
इन इलाकों में सक्रिय है नक्सली मिथिलेश का दस्ता
बेरमो अनुमंडल के नक्सल प्रभावित चतरोचट्टी और जगेश्वर बिहार थाना के जंगली क्षेत्र में एक करोड़ के इनामी नक्सली नेता मिथिलेश सिंह का सशस्त्र दस्ता लगातार सक्रिय है. इस दस्ते में करीब 14 सदस्य शामिल हैं.
ये नक्सली अत्याधुनिक हथियारों से लैश हैं. नक्सलियों का दस्ता दोनों ही थाना क्षेत्र के अमन पहाड़ी, अंबानाला, कोइयो टांड़, कारीपानी, रोला, मोरपा, रजडेरवा, सुअर कटवा आदि क्षेत्रों में संगठन विस्तार को लेकर लगातार भ्रमण कर बैठक करने के साथ पुराने साथियों से भी संपर्क में रह रहें हैं.
इसके अलावा इलाके में चलने वाले विकास कार्यों जैसे कि बड़े पुल, झुमरा एक्शन प्लान के तहत सड़क निर्माण, रेलवे लाईन के दोहरीकरण के कामों से लेवी वसूली करने की भी रणनीति पर काम कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- लखनऊ: सपा नेता की हत्या, हमलावरों ने दिनदहाड़े सिर पर दागी गोलियां
दर्ज करा चुके हैं अपनी उपस्थित
नक्सली दहशत फैलाने के लिए फिर से इलाके में सक्रिय हैं. बीते 24 जनवरी को गोमिया प्रखंड के अतिनक्सल प्रभावित इलाके लुगु पहाड़ की तलहटी में नक्सली घटना हुई थी.
गोमिया थाना की सीमा व जगेश्वर बिहार थाना से सटे कैरा झरना के निकट नक्सलियों ने सड़क निर्माण कर रही कंपनी के मुंशी रमेश मांझी (50) की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इसके अलावा जेसीबी, ट्रैक्टर और बाइक को आग लगा दी थी.




