
Subhash Shekhar
Ranchi: पूरे झारखंड की राजनीति इन दिनों सिल्ली विधानसभा उपचुनाव पर टिकी हुई हैं. यहां से आजसू सुप्रीमो और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सबकुछ दांव पर लगा दिया है, वहीं दूसरी ओर उन्हें हराने के लिए विपक्ष ने मिलकर ठीक वैसा ही चक्रव्यूह रचा है, जैसा महाभारत के युद्ध में अभिमन्यु को हराने के लिए कौरवों ने रचा था. इस लिहाज से सिल्ली का मुकाबला बड़ा दिलचस्प बन गया है. इस चुनाव में नामांकन के दौरान आजसू प्रत्याशी सुदेश महतो और विपक्ष समर्थित झामुमो प्रत्याशी सीमा देवी ने भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. लेकिन यहां यह कहना गलत नहीं होगा कि भीड़ में शामिल हर कोई वोटर नहीं होता. ऐसे में भीड़ देखकर किसी की हार या जीत का अनुमान नहीं लगाया जा सकता, लेकिन कुछ महत्पूर्ण तथ्य सामने रख कर एक विवेचना तो की ही जा सकती है. सिल्ली सीट के लिए 2014 विधानसभा चुनाव और उसके नतीजों पर गौर करें तो झामुमो अकेले ही सब पर भारी पड़ सकता है. यहां पिछली बार 11 उम्मीदवार चुनाव के मैदान में खड़े थे. इनमें से 9 उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी.
इसे भी पढ़ें- सिल्ली विधानसभा उपचुनाव के लिए 11 प्रत्याशियों ने किया था नामांकन, स्क्रूटनी के बाद 10 उम्मीदवारों के नाम स्वीकृत

जेएमएम को छोड़ हर विपक्षी पार्टी है कमजोर
इस बार चुनाव में जेएमएम के साथ पूरा विपक्ष है. लेकिन पिछले बार की बात करें तो अकेले जेएमएम ने इतने वोट लाए थे कि जीत के लिए उसे किसी से समर्थन मांगने की जरूरत ही नहीं पड़ी थी. हालांकि जीत वैसी ही जीत इस बार मिलती है या नहीं, इसपर अभी संशय है. इस बार जेएमएम के साथ जेवीएम, कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम और आरजेडी है. पिछले चुनाव में जेएमएम के अमित महतो को रिकॉर्ड 79747 वोट मिले थे, जेवीएम के रोबिन साहु को 1042 वोट मिले थे, कांग्रेस के दिनेश प्रसाद साहु को 2267 वोट मिले थे. सीपीएम को सीपीआई का समर्थन प्राप्त था, इसके बावजूद उसे 3279 वोट ही मिले थे. वहीं आरजेडी की तरफ से कोई उम्मीदवार नहीं था. जेएमएम के 79747 वोटों को निकाल दिया जाए तो पूरे विपक्ष में सिर्फ 13402 वोट ही दूसरी विपक्षी पार्टी को मिले थे. इसलिए आजसू और बीजेपी को विपक्ष की दूसरी पार्टियां ज्यादा परेशान नहीं कर रही हैं, बल्कि जेएमएम से ही टक्कर है.
इसे भी पढ़ें- गोमिया उपचुनाव : वोटरों का गणित जेएमएम के पक्ष में, पर उम्मीदवार बदलने से बदल सकते हैं परिणाम
वोट प्रतिशत में भी जेएमएम था आगे
पिछले नतीजों के आधार पर अगर वोट प्रतिशत की बात की जाए तो भी जेएमएम ही सभी पर भारी पड़ता दिखाई देता है. सिल्ली विधानसभा में कुल 77.66 फीसदी वोट पड़े थे. जिसमें सबसे अच्छा प्रदर्शन जेएमएम का था. जेएमएम को अकेले आधे से ज्यादा वोट प्रतिशत मिले थे. जेएमएम का वोट प्रतिशत 55.71 था. कांग्रेस को 1.58, जेवीएम को 0.73 और सीपीएम को 2.29 फीसदी. गौरतलब है कि पिछली बार आजसू और बीजेपी का इस सीट पर गठबंधन था.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




