
New Delhi: निर्भया मामले के दोषियों को फांसी देने में दिल्ली सरकार की तरफ से किसी तरह की देरी से केजरीवाल ने इनकार किया है. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि पीड़िता की मां को गुमराह किया जा रहा है.
उन्होंने भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर पर मामले का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया. आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने पत्रकारों से कहा कि दिल्ली सरकार के ऊपर जो भी जिम्मेदारियां थी, उसने कुछ ही घंटों में उन्हें पूरा कर दिया.
इसे भी पढ़ेंः#Amazon के CEO जेफ बेजोस चाहते थे PM मोदी से मिलना, लेकिन अपॉइन्टमेंट नहीं मिला! क्या रही वजह
उन्होंने कहा, ‘‘हमने कुछ घंटों के भीतर दया याचिका आगे भेज दी, इसलिए दोषियों को फांसी देने में विलंब में दिल्ली सरकार की कोई भूमिका नहीं है.’’
मामले पर राजनीति सही नहीं- केजरीवाल
गौरतलब है कि जावड़ेकर ने आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार दोषियों को फांसी देने में देरी कर रही है, इस पर केजरीवाल ने कहा कि भाजपा नेता इस मामले पर राजनीति कर रहे हैं और यह अच्छी बात नहीं है.
केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर ने यह भी कहा था कि अगर आप सरकार ने 2017 में मौत की सजा के खिलाफ उनकी अपीलों को उच्चतम न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के फौरन बाद उन्हें नोटिस भेज दिया होता तो चारों दोषियों को अभी तक फांसी हो गई होती.
इसे भी पढ़ेंःदिल्ली में #NPR पर बैठक शुरू, सभी राज्यों के साथ केरल भी शामिल, ममता ने किया बायकॉट
निर्भया की मां को किया जा रहा गुमराह
ऐसी खबरें है कि निर्भया की मां ने कहा है कि 2012 में जिन लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन किए थे वे आज केवल राजनीतिक लाभ के लिए उनकी बेटी की मौत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं. इन खबरों पर केजरीवाल ने कहा कि पीड़िता की मां को गुमराह किया जा रहा है.
उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार विलंब की कोशिश क्यों करेगी, हम जल्द से जल्द उन्हें फांसी देना चाहते हैं. मुझे लगता है कि उन्हें गुमराह किया जा रहा है. इस पूरी प्रक्रिया में दिल्ली सरकार की बमुश्किल कोई भूमिका है.’
इसे भी पढ़ेंः#NirbhayaCase: दोषी मुकेश के बचने के सभी रास्ते बंद, राष्ट्रपति ने खारिज की दया याचिका




