
Chatra : पुलिस ने अपहृत महुआ व्यवसायी संजय सिंह को बदमाशों के चंगुल से सकुशल मुक्त करा लिया. साथ ही अपराधियों के पास से एके-47 और चार कारतूस बरामद किये हैं. व्यवसायी की बरामदगी जिले के वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के मलिनिया जंगल से हुई है. व्यवसायी संजय सिंह का अपहरण 31 अगस्त को हुआ था. अपहरण के बाद से ही पुलिस उन्हें मुक्त कराने के लिए अभियान में जुटी थी. इसे लेकर सभी संभावित क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी.
एसपी अखिलेश बी वारियर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अपर पुलिस अधीक्षक निगम प्रसाद के नेतृत्व में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, पुलिस उपाधीक्षक वरुण देवगम, हंटरगंज के पुलिस निरीक्षक सुजीत कुमार, वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी राजीव रंजन एवं हंटरगंज थाना प्रभारी हंसे उरांव की एक टीम गठित की गयी. टीम ने छापामारी अभियान चलाया.
बदमाशों ने फिरौती के लिए अपहरण किया था
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपहरण के बाद अपराधी व्यवसायी को पोस्तिया गांव के बरवा टोला स्थित जंगल में छुपा कर रखे हुए थे. टींम के सदस्य उक्त स्थल की घेराबंदी करते हुए वहां तक पहुंचे, लेकिन इस बीच पुलिस को आते देख जंगल का लाभ उठाते हुए अपराधी भाग निकले. पुलिस की टीम ने अपहृत को सकुशल मुक्त कराते हुए सर्च अभियान चलाया.
अभियान के दौरान एक एके-47 और चार कारतूस बरामद हुए. व्यवसायी संजय सिंह बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के पलकिया गांव का निवासी हैं. उसका अपहरण बदमाशों ने फिरौती के लिए किया था. फिरौती के रूप में 12 लाख रुपये की मांग की थी. पीड़ित की पत्नी ने इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को देते हुए हंटरगंज थाना में एक मामला दर्ज कराया था.
गिरिडीह : लूट के प्रयास में फाइनेंस कर्मी को गोली मारने के दो आरोपियों को पुलिस ने दबोचा




