
NewDelhi : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता आज शनिवार कश्मीर का दौरा करेंगे. ये नेता आर्टिकल 370 के प्रमुख प्रावधानों को हटाये जाने के बाद वहां की स्थिति का जायजा लेंगे. हालांकि जम्मू-कश्मीर सरकार ने शुक्रवार रात बयान जारी कर इन नेताओं से कश्मीर की यात्रा नहीं करने का आग्रह किया है. प्रशासन के अनुसार इससे धीरे-धीरे शांति और आम जनजीवन बहाल करने में बाधा पहुंचेगी.
सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और आनंद शर्मा भी जा रहे हैं. विपक्षी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल में सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी, सीपीआई महासचिव डी राजा, राजद के मनोज झा, डीएमके के तिरुचि शिवा, तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी और कुछ अन्य दलों के नेता शामिल होंगे.
इसे भी पढ़ें – बिना सोचे-समझे दिये गये कर्ज से बिगड़े देश के आर्थिक हालात : नीति आयोग
नेता वहां पर हालात का जायजा लेंगे
खबरों के अनुसार इन नेताओं का दोपहर के समय श्रीनगर पहुंचने का कार्यक्रम है. सूत्रों केअनुसार अगर श्रीनगर जाने की इजाजत मिली तो राहुल समेत सभी नेता वहां पर हालात का जायजा लेते हुए स्थानीय नेताओं एवं निवासियों से मुलाकात करेंगे. उधर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कहा कि ऐसे समय में जब सरकार राज्य के लोगों को सीमा पार आतंकवाद के खतरे और आतंकवादियों तथा अलगाववादियों के हमलों से बचाने की कोशिश कर रही है और उपद्रवियों तथा शरारती तत्वों को नियंत्रित करके लोक व्यवस्था बहाल करने की कोशिश कर रही है, तब वरिष्ठ राजनेताओं द्वारा आम जनजीवन को धीरे-धीरे पटरी पर लाने में बाधा डालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए.
बयान में कहा गया है कि नेताओं से अनुरोध किया जाता है कि सहयोग दें और श्रीनगर की यात्रा नहीं करें, क्योंकि उनके ऐसा करने से अन्य लोगों को असुविधा होगी. वे पाबंदियों का भी उल्लंघन करेंगे जो अब भी कई इलाकों में कायम हैं. वरिष्ठ नेताओं को समझना चाहिए कि शांति, व्यवस्था और जानहानि को रोकने को शीर्ष प्राथमिकता देनी चाहिए.
राज्यपाल ने राहुल गांधी को कश्मीर आने का न्योता दिया था
जान लें कि जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने राहुल गांधी को कश्मीर आने का न्योता दिया था जिसके बाद राहुल गांधी आज श्रीनगर जाने वाले हैं. कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं ने जम्मू-कश्मीर में हिरासत में लिये गये नेताओं की रिहाई की मांग करते हुए गुरुवार को यहां प्रदर्शन भी किया था. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी, सीपीआई महासचिव डी राजा, सपा नेता रामगोपाल यादव, लोकतांत्रिक जनता दल के शरद यादव, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा और तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे.




