JharkhandPalamu

पलामू: पिस्टल और गोलियों के साथ माओवादी गिरफ्तार, दो साल से वसूल रहा था लेवी

Palamu: उग्रवादियों, नक्सलियों और उनके समर्थकों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना पर की गयी कार्रवाई में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सक्रिय सदस्य संतोष कुमार यादव उर्फ पीयूष को गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से एक 9 एमएम की पिस्टल और चार गोलियां बरामद की गयी है.

2017 से वसूल रहा था लेवी

छत्तरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि संतोष कुमार यादव उर्फ पीयूष लंबे समय से माओवादी सदस्य रहा है. साल 2017 से संतोष माओवादी संगठन के लिए लेवी वसूलने का काम कर रहा था.

गुप्त सूचना मिली थी कि संतोष बिहार सीमा से सटे हरिहरगंज थाना क्षेत्र में लेवी वसूलने आने वाला है. सूचना पर टीम बनायी गयी. जिसमें हरिहरगंज के थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक वंश नारायण सिंह, सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुमार, रविन्द्र कुमार और संजय कुमार सिंह को शामिल किया गया.

इसे भी पढ़ें- जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा,  स्वतंत्रता उन लोगों पर जहर उगलने का माध्यम बन गयी  है, जो अलग तरह से सोचते हैं

हरिहरगंज इलाके से पकड़ा गया माओवादी

एसडीपीओ ने बताया कि टीम कार्रवाई कर रही थी. इसी बीच हरिहरगंज थाना क्षेत्र के परसलेवा के तूरी टोला से संतोष कुमार यादव उर्फ पीयूष को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से एक 9 एमएम की पिस्टल और 9एमएम की चार गोलियां बरामद की गयी. बाद में उससे पूछताछ की गयी तो उसने कई खुलासे किये. इस दिशा में छापामारी तेज कर दी गयी है.

2012 से 2016 तक माओवादी दस्ते में रहा संतोष यादव

एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ के दौरान संतोष कुमार यादव उर्फ पीयूष ने बताया कि वर्ष 2012 से 2016 तक माओवादी दस्ते में शामिल रहा. माओवादी जोनल कमांडर अभिजीत जी उर्फ बनवारी जी उर्फ महावीर जी के दस्ते में हथियार के साथ शामिल रहा.

इसे भी पढ़ें- SACRED GAMES-2: वीभत्स होती दुनिया की कहानी

अभिजीत के दस्ते में 30-40 सदस्य

संतोष कुमार यादव ने खुलासा किया है कि अभिजीत के दस्ते में फिलवक्त 30 से 40 सदस्य हैं. बिहार की सीमा से सटे इलाकों में हाल के दिनों में हुई नक्सली हिंसा में अभिजीत का दस्ता ही शामिल था.

भाजपा के चुनाव कार्यालय को उड़ाने के साथ-साथ हरिहरगंज में बटाने नदी पुल के निर्माणाधीन हिस्से को उड़ाने की योजना में अभिजीत का दस्ता शामिल था.

विधानसभा चुनाव से पहले कुछ बड़ा करने की तैयारी में माओवादी

एसडीपीओ ने बताया कि संतोष कुमार यादव उर्फ पीयूष ने पूछताछ के दौरान यह भी बताया है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी माओवादी अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहते हैं. इसके लिए माओवादियों ने कुछ बड़ा करने की योजना तैयार की है.

यह कब होगा और किस क्षेत्र में होगा, इसका निर्णय नहीं हो सका है. एसडीपीओ ने बताया कि माओवादियों के किसी मंसूबे को सफल होने नहीं दिया जायेगा. पीयूष ने जितने खुलासे किये हैं, उसपर पुख्ता जानकारी इक्ट्ठा की जा रही है. ठोस जानकारी मिलने पर कार्रवाई तेज की जायेगी.

Related Articles

Back to top button