
Ranchi : झारखंड के मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस सीटों पर राज्य के बाहर के बच्चे सेंधमारी करेंगे. इसके लिए झारखंड कंबाइंड बोर्ड ने दूसरे राज्य के बच्चों के लिए रास्ता साफ कर दिया है. इसके लिए झारखंड कंबाइंड बोर्ड ने नये सिरे से नोटिस जारी किया है. इससे पूर्व जारी नोटिस में राज्य के 85 फीसदी सीट में प्रवेश के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 2 जुलाई रखा गया था, जबकि नये नोटिस में 3 जुलाई तक आवेदन भेजने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें – चुनावी मूड में सरकार, जुलाई-अगस्त नो नेगेटिव न्यूज और सितंबर-अक्टूबर में सिर्फ उदघाटन-शिलान्यास
क्या है नये नोटिस में
झारखंड कंबाइंड ने 2 जुलाई को देर शाम नोटिस जारी किया. जिसमें बोर्ड ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के 28 जून को जारी एक नोटिस का हवाला देते हुए कहा कि, अब स्टेट मेडिकल काउंसलिंग में वैसे छात्र भी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने नीट के एप्लीकेशन में झारखंड को प्राथमिकता के रूप में नहीं चुना है. ऐसे छात्र केवल स्थानीयता प्रमाणपत्र देकर स्टेट काउंसलिंग में शामिल हो सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक, पलामू के किसी व्यक्ति के उच्च स्तरीय दबाव में आकर यह बदलाव किया गया है.
क्या था पूर्व के नोटिस में
इससे पहले जो नोटिस बोर्ड की ओर से जारी किया गया था, उसमें स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि स्टेट की 85 फीसदी एमबीबीएस सीट काउंसलिंग में वैसे छात्र ही आवेदन करेंगे. जिन्होंने नीट में झारखंड को चुना है और उनके पास राज्य का स्थानीयता प्रमाणपत्र है.
गौरतलब है कि स्टेट ऑफ एलिजिबिलिटी के मुद्दे को लेकर बीते साल भी विवाद हुआ था. यह मामला हाइकोर्ट तक गया. इसी के बाद इस साल नोटिस जारी कर कहा गया है कि नीट के एप्लीकेशन में स्टेट ऑफ एलिजिबिलिटी झारखंड हो. जिसे बाद में बदल दिया गया.
इसे भी पढ़ें – BJP सांसद समीर उरांव ने कहा था : जमीन दे दो, सत्ता में आते ही लगा देंगे नौकरी, देखें वीडियो




