National

पुणे में लगातार बारिश के कारण गिरी सोसायटी की दीवार, 17 की मौत

Pune : महाराष्ट्र के पुणे में लगातार बारिश के कारण एक आवासीय परिसर की दीवार झोपड़ियों पर गिरने से कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई. जबकि कई घायल हो गए.

घायलों में तीन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. दमकल विभाग के मुताबिक मरने वालों में चार बच्चे भी शामिल हैं.

क्या कहना है जिलाधिकारी का

इस घटना के बारे में पुणे के जिलाधिकारी ने कहा कि दीवार भारी बारिश के कारण गिरी है. इस घटना की शुरुआती जांच में कंस्ट्रक्शन कंपनी की गड़बड़ी की बात सामने आ रही है.

इस गड़बड़ी की वजह से 17 लोगों की जान चली गयी. मामले की जांच की जाएगी. साथ ही पीड़ितों की हरसंभव सहायता की जा रही है. मृतकों में ज्यादातर बिहार और बंगाल के लोग शामिल हैं.

पुणे में लगातार भारी बारिश जारी

पुलिस ने बताया कि निर्माण स्थल पर काम करने वाले मजदूरों के लिए यह झोपड़ियां बनाई गई थी. एक अधिकारी ने बताया कि कोंढवा इलाके में शुक्रवार की आधी रात के बाद तड़के एक बजकर 45 मिनट परिसर की दीवार गिर गई. पुणे में लगातार भारी बारिश जारी है. वहीं अगले चार दिनों तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

उन्होंने बताया कि पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों ने मौके पर पहुंच बचाव अभियान शुरू कर दिया है. उन्होंने बताया कि तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Related Articles

Back to top button