
Botaad (Gujraat): गुजरात के बोताड़ में एक दलित सरपंच के पति की पीट-पीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है. घटना बुधवार की है, जहां छह लोगों ने लाठियों और पाइपों से कथित तौर पर सरपंच पति को पीट-पीट कर मार डाला.
इसे भी पढ़ेंःबिहारः चमकी बुखार और लू से 200 से ज्यादा लोगों की मौत, आज नीतीश करेंगे हवाई सर्वेक्षण
घायल हालत में आखिरी सांस लेने से पहले पीड़ित मांजीभाई सोलंकी ने अपने एक संबंधी को फोन कर घटना की जानकारी दी. सोलंकी ने अपने संबंधी को फोन पर दिए गए बयान में दावा किया कि पहले उनकी बाइक में एक कार ने टक्कर मार दी और इसके बाद उस कार में सवार पांच से छह लोगों ने उनकी पिटाई की.
पूरी घटना को लेकर सोलंकी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह लगभग बेहोशी की स्थिति में हैं.
इधर मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि घटना उस समय हुई जब पीड़ित अपनी मोटरसाइकिल से रणपुर-बरवाला सड़क से गुजर रहे थे. पुलिस अधीक्षक राजदीप सिंह नाकुम ने कहा, “हमने FIR करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हम पूरे मामले की जांच करेंगे.”
इसी दौरान यह भी प्रकाश में आया है कि पीड़ित और उनकी पत्नी ने पिछले साल पुलिस से सुरक्षा मांगी थी. उन्होंने दावा किया था कि काठी दरबार समुदाय (ओबीसी) के कुछ लोग पुरानी दुश्मनी की वजह से नुकसान पहुंचा सकते हैं.
इसे भी पढ़ेंःदर्द-ए-पारा शिक्षक: पत्नी की सिलाई से चलता है घर, पैसों के अभाव में बेटा कई परीक्षाओं से हुआ वंचित




