
- सीएम डैश बोर्ड के आंकड़े कुछ और आर्थिक सर्वेक्षण की बातें कुछ.
- तीन साल में 528791 आवास की जगह बने मात्र 324809 आवास.
Ranchi : झारखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) लक्ष्य से पीछे चल रहा है. फरवरी 2017 में कांके प्रखंड से शुरू की गयी योजना के तहत दिसंबर 2018 तक मात्र 324809 आवास ही बन पाये. इन तीन वर्षों में 528791 आवास बनाये जाने थे.
2018-19 में सबसे कम यानी 32 प्रतिशत आवास ही गरीबों के लिए बनाये जा सके. इस वित्तीय वर्ष में 138884 आवास बनाये जाने थे, जिसमें से 43871 आवास ही बन पाये. शुरुआती वर्ष में 83 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई.
2017-18 में 57 फीसदी आवास बनाया गया. यह आंकड़े राज्य सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण 2018-19 के हैं, जबकि सीएम डैश बोर्ड के आंकड़े इससे काफी अलग हैं. सीएम डैश बोर्ड के अनुसार झारखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 582,152 लाभुकों का चयन किया गया है. इसमें से 528,500 आवासों की स्वीकृति दी गयी. सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 615288 करोड़ रुपये खर्च किये जा चुके हैं.
इसे भी पढ़ें- झारखंड का एक ऐसा गांव जहां पानी के अभाव में नहीं बजती है शहनाई, बूंद-बूंद पानी को तरस रहे लोग (देखें…
क्या है योजना
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे रहनेवाले वैसे परिवार, जिनका कच्चा मकान है, उन्हें 2020 तक पक्का मकान देने की घोषणा केंद्र सरकार ने की थी. यह योजना केंद्र सरकार ने अक्तूबर 2016 में शुरू की थी, जबकि झारखंड में फरवरी 2017 में योजना की शुरुआत की गयी थी.
इसमें न्यूनतम 25 वर्ग मीटर का पक्का मकान और किचन देना जरूरी किया गया था. इसके लिए न्यूनतम 1.20 लाख रुपये सरकार की तरफ से लाभुकों को दिये जाने की घोषणाएं की गयी थी. सरकार की तरफ से इसके लिए तीन स्लैब बनाये गये थे.
इसमें अधिकतम 1100 वर्ग फीट तक का मकान लाभुकों को दिये जाने की बातें कही गयी थीं. यह शहरी क्षेत्र के लिए था. ग्रामीण इलाकों में मनरेगा मजदूरों और बीपीएल कार्ड धारकों को यह मकान देने की घोषणा की गयी थी.
सरकार की तरफ से स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छता अभियान को भी इससे टैग किया गया था. योजना में लाभुकों के आवास की जियो टैगिंग की बातें भी कही गयी थी. झारखंड में 557,238 लाभुकों के आवास के जियो टैगिंग किये जाने का सरकार दावा करती है.
इसे भी पढ़ें- मोदी सरकार को झटका : ट्रंप ने GSP के तहत भारत को व्यापार में मिली छूट को किया खत्म
प्रधानमंत्री आवास योजना का झारखंड में हाल
| वित्तीय वर्ष | लक्ष्य | स्वीकृति | पूर्ण किये गये आवास | पूर्णता का प्रतिशत |
| 2016-17 | 230855 | 230786 | 190660 | 83 प्रतिशत |
| 2017-18 | 159052 | 159052 | 90272 | 57 प्रतिशत |
| 2018-19 | 138884 | 137230 | 43871 | 32 फीसदी |
नोट – 2018-19 के आंकड़े 31 दिसंबर 2018 तक के हैं.




