
NewDelhi : पीएम नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत के साथ फिर सत्ता में वापसी की है. नरेंद्र मोदी गुरुवार की शाम को शपथ लेंगे. भाजपा 303 सीटों के साथ यानी पूर्ण बहुमत से ज्यादा सीटें जीतकर आयी है.
इसके बावजूद नरेंद्र मोदी कैबिनेट में भाजपा के सभी सहयोगी दलों को जगह दी जा रही है. खबरों के अनुसार इसमें शिवसेना से लेकर जदयू और अपना दल तक से मंत्री बनाये जायेंगे.
इसे भी पढ़ें – अरुण जेटली मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होंगे, मोदी को पत्र लिखा, स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया
अमित शाह ने बुधवार को नीतीश कुमार से मुलाकात की
सूत्रों के अनुसार तो मोदी कैबिनेट में जदयू और शिवसेना कोटे से दो-दो मंत्री होंगे. इनमें एक कैबिनेट और एक स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी जायेगी. बता दें कि इस बार के चुनाव में शिवसेना के 18 सांसद और जदयू के 16 सांसद जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं.
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की थी. माना जा रहा है कि इस बैठक में दोनों नेताओं के बीच मोदी कैबिनट के फॉर्मूले पर चर्चा हुई. इसके बाद जदयी के कोटे से दो मंत्री बनाये जाने पर सहमति बनी है.
शिवसेना और जदयू के अलावा मोदी सरकार में शिरोमणि अकाली दल से एक कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है. अकाली दल इस बार दो सांसद जीतकर लोकसभा पहुंचे हैं. वहीं, अपना दल से अनुप्रिया पटेल को एक बार फिर मंत्री बनायी जायेंगी. अपना दल दो सीटें जीतने में कामयाब रही है.
इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी की ओर रामविलास पासवान मंत्री बनेंगे, लोजपा 6 सीटें जीतने में कामयाब रही है. बता दें कि पिछले सरकार में अपना दल, लोजपा और अकाली दल से एक-एक मंत्री बनाये गये थे.




