
Palamu : भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को कहा कि अगर भगवा पार्टी फिर से सत्ता में आती है तो वह जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा देगी. शाह ने झारखंड के पलामू जिले में एक जनसभा में कहा कि अगर आप नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाएंगे तो हम अनुच्छेद 370 हटा देंगे.
इसे भी पढ़ें- राज्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को रांची में लगे पार्टियों के होर्डिंग्स की संख्या की जानकारी नहीं
पाकिस्तान से गोली आएगी तो यहां से गोला जाएगा
शाह ने कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार के दौरान पाकिस्तान के आतंकवादी समूह भारत को लगातार निशाना बनाते थे. उन्होंने कहा कि जवानों का सिर भी कलम कर दिया जाता था.
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम राष्ट्र की सुरक्षा के साथ समझौता नहीं कर सकते. पाकिस्तान भारत से कश्मीर को अलग करना चाहता है. हम ऐसा होने नहीं देंगे. पाकिस्तान से गोली आएगी तो यहां से गोला जाएगा.
इसे भी पढ़ें- झारखंड की तीन सीटों समेत चौथे चरण में 71 में से 45 सीटें बचाना होगी BJP की चुनौती
क्या एक देश में दो प्रधानमंत्री होने चाहिए : शाह
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला की कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री की मांग वाली टिप्पणी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है. शाह ने लोगों से पूछा कि क्या एक देश में दो प्रधानमंत्री होने चाहिए? भाजपा ने राष्ट्र को मोदी दिया और तब से देश की सुरक्षा मजबूत हुई है.
शाह ने कहा कि जब देश 26 फरवरी के बालाकोट हवाई हमले के बाद मिठाई बांटकर खुशी मना रहा था तब कांग्रेस एवं पाकिस्तान में मातम पसरा हुआ था. उन्होंने कांग्रेस नेता सैम पित्रौदा के उस बयान को भी हास्यास्पद बताया जिसमें उन्होंने कहा था कि कुछ लड़कों ने गलती की थी और बम गिराए तथा बातचीत करने की वकालत की थी.
क्या किया 70 सालों तक राज करने वाली सरकार ने
शाह ने कहा कि आठ करोड़ परिवारों को शौचालय देकर माताओं-बहनों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार मोदी सरकार ने दिया है. 2.5 करोड़ गरीबों को घर देने का काम भी नरेन्द्र मोदी सरकार ने किया है.
मोदी सरकार ने पांच सालों में देश की सात करोड़ गरीब माताओं को गैस सिलेंडर दिया. 70 साल देश पर राज करने वाली सरकारों ने 50 करोड़ गरीबों के लिए कुछ नहीं किया. मैं उनको पूछना चाहता हूं कि आपने देश के गरीब, दलित, आदिवासी के लिए क्या किया?
साढ़े चार महीने से देशभर में घूमते हुए ये मेरी 260वीं लोकसभा क्षेत्र का भ्रमण है. मैं जहां भी गया सब जगह मोदी-मोदी की आवाज सुनाई दे रही है. झारखंड में भाजपा सरकार ने करीब 35 लाख से ज्यादा लोगों को नौकरी दी है. कृषि विकास दर जो चार प्रतिशत था उसे 19 प्रतिशत करने का काम रघुवर दास जी की सरकार ने किया है.
झारखंड में पूरे देश को समृद्ध करने जैसे खनिज है. समृद्ध होने के बावजूद कांग्रेस सरकार में झारखंड गरीब रहा. झारखंड में रघुवर जी की सरकार बनी और केंद्र में मोदी जी की सरकार बनी तब जाकर झारखंड का विकास हुआ है.
वीडी राम ने किया अपने कार्यों का उल्लेख
इस दौरान पलामू के निवर्तमान सांसद और भाजपा उम्मीदवार वीडी ने अपने पांच वर्षों का कार्यकाल में किए गए कार्यों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पांच वर्षों के दौरान उनके द्वारा कई उल्लेखनीय कार्य किए गए. जिससे पलामू के विकास में नया आयाम गढ़ा जा सका है.
लेकिन अभी भी कई कार्य अधूरे रह गए हैं. उसे पूरा करने के लिए उन्हें एक बार फिर से सांसद बनाकर संसद भेजे. उन्होंने कहा कि देश को अभी नरेन्द्र मोदी की बहुत जरूरत है. ऐसा तब होगा, जब आप अपना कीमत मत भाजपा को देंगे.




