Corona_UpdatesNational

गुजरात में 62 स्वास्थ्य व 44 पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में, महाराष्ट्र में भी SRPF के 6 जवान संक्रमित 

Ahmedabad/Aurangabad: देश में कोरोना वायरस का संक्रमण जारी है. इसकी चपेट में लगभग 20 हजार लोग आ चुके हैं. वहीं 600 से ज्यादा लोग की जान चली गयी है. इस वायरस से कई पुलिस और स्वास्थ्यकर्मी भी संक्रमित हो चुके हैं.

वहीं कई कोरोना वारियर्स इसकी वजह से जान गंवा चुके हैं. मध्यप्रदेश में दो पुलिसकर्मियों की कोरोना वायरस की वजह से मौत हो चुकी है. वहीं गुजरात और महाराष्ट्र से भी कई कर्मियों के संक्रमित होने के मामले सामने आये हैं.

इसे भी पढ़ें- देश में कोरोना का कहर: 20,000 के करीब पहुंचे केस, 600 से अधिक की मौत

गुजरात में स्वास्थ्य व पुलिसकर्मी संक्रमण की चपेट में

गुजरात में कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर तैनात अबतक 100 से अधिक स्वास्थ्य कर्मी और पुलिसकर्मी इस वायरस से संक्रमित पाये गये हैं.

अधिकारियों ने मंगलवार को यह सूचना दी. अधिकारियों ने बताया कि उनमें 62 स्वास्थ्यकर्मी और 44 पुलिसकर्मी हैं. स्वास्थ्यकर्मियों में 12 यहां के सरकारी एलजी अस्पताल के कर्मी हैं.

स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त निदेशक (जनस्वास्थ्य) डॉ. प्रकाश वाघेला ने कहा कि 62 स्वास्थ्यकर्मियों में डॉक्टर, नर्से, एंबुलेंस ड्राइवर आदि शामिल हैं. गुजरात के पुलिस महानिदेशक शिवानंद झा ने बताया कि 44 पुलिसकर्मी इस वायरस से संक्रमित पाये गये हैं जिनमें से एक निरीक्षक समेत 40 कर्मी अहमदाबाद पुलिस का हिस्सा हैं.

मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने अहमदाबाद सिविल अस्पताल में इलाज करा रहे इन लोगों में से कुछ से वीडियो कांफ्रेंस से बातचीत की. मुख्यमंत्री ने कोरोना योद्धाओं की प्रशंसा की.

इसे भी पढ़ें- #Corona संकट के बीच #Facebook ने जियो में खरीदी 10% की हिस्सेदारी, 43574 करोड़ में हुआ सौदा

हिंगोली में एसआरपीएफ के छह जवान कोरोना से संक्रमित

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के छह जवान कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं. अधिकारियों ने बताया कि वे हाल में मुंबई में तैनात थे और उनकी वापसी के बाद उन्हें पृथक किया गया था.

सिविल सर्जन डॉक्टर किशोर प्रसाद श्रीवास ने कहा कि एसआरपीएफ की दो इकाई वाले जवान मुंबई से लौटे थे. वे 45 दिन से वहां तैनात थे इसलिए एहतियात के तौर पर उन्हें पृथक रखने का निर्णय लिया गया.

उन्होंने बताया कि हिंगोली के एसआरपीएफ अस्पताल में 194 जवान हैं. उनमें से 101 जवानों की जांच रिपोर्ट आये है जिनमें से 95 में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई जबकि छह में संक्रमण की पुष्टि हुई है. उन्होंने बताया कि जानकारी के मुताबिक सभी संक्रमित जवानों की हालत स्थिर है और उन्हें हिंगोली के सरकारी अस्पताल में भेजा जाएगा. 

इसे भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: शोपियां में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो टेररिस्ट ढेर, अप्रैल महीने में अबतक 15 आंतकी मारे गये

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button