
Palamu. मनरेगा के तहत सर्वाधिक काम मांगने वाले पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड के पथरा पंचायत का मनरेगा आयुक्त सिद्धार्थ त्रिपाठी ने दौरा किया. दौरे के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर लौटने के बाद मनरेगा आयुक्त ने पलामू समाहरणालय में बीडीओ के साथ बैठक की. बैठक में जिले के उपायुक्त शशि रंजन व उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर भी थे.
43 नये योजनाओं का चयन
बैठक के बाद मनरेगा आयुक्त ने कहा कि सोशल ऑडिट यूनिट द्वारा 722 मजदूरों का कार्य हेतु डिमांड दिया गया है, जिसे उपलब्ध कराने हेतु तत्काल 43 नयी योजनाओं का चयन किया गया है. उन्होंने कहा कि पंचायत व प्रखंड मिलकर पर्याप्त योजनाएं लेंगे और लोगों को रोजगार देने का कार्य करेंगे. उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में मनरेगा के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को आर्थिक सहयोग देने का कार्य हो रहा है.
बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश
मनरेगा आयुक्त ने पथरा पंचायत सखी मंडल के सदस्य, मनरेगा मजदूर एवं ग्रामीणों के साथ मनरेगा में कार्य करने एवं योजनाओं के संबंध में संवाद-चर्चा और चनकार कस्तूरी गांव में बिरसा हरित ग्राम के तहत क्रियान्वित वागवानी योजना का स्थल निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति के संबंध में अनुभव को साझा किया.
मनरेगा के तहत कार्य कर गांव की तस्वीर बदलें
मनरेगा आयुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों को मनरेगा के तहत बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत कार्य कर गांव की तस्वीर बदलें. मेढ़बंदी, बागवानी आदि के माध्यम से गांव की प्रगति होगी. उन्होंने अधिकारियों से उम्मीद जताया कि मनरेगा के क्षेत्र में पलामू बेहतर करेगा. उन्होंने पदाधिकारियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि बजट की कमी नहीं है. गुणवत्ता पूर्ण कार्य करें. अधिकारी जिम्मेदारी को समझें. मेहनत-परिश्रम करेंगे तो गांव की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी.
प्रतिदिन एक गांव जाने का निर्देश
मनरेगा आयुक्त ने कहा कि पदाधिकारी प्रतिदिन एक गांव में जाने का प्रण लिजिए, गांव की तस्वीर खुद बदल जायेगी. उम्मीद जताया कि सभी लोग मिलकर पलामू में परिवर्तन लायेंगे. उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 से समस्याएं आयी है. अब डिमांड आ रहा है. प्रखंड विकास पदाधिकारी गांव में जाएं स्थिति बदलेगी. लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरें. उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत सभी लोग टीम भावना के साथ कार्य करें.




