Uncategorized

40 प्रतिशत भारतीय कुंवारों को प्यार की तलाश

नई दिल्ली, 14 फरवरी | भारत में करीब 40 प्रतिशत अविवाहित लड़के और लड़कियों को अपने लिए किसी प्यार करने वाले साथी की तलाश है। एक वैश्विक सवक्ष्रेण के अनुसार भारत में प्रत्येक दस में से चार महिलाएं और पुरुष सोचते हैं कि प्यार उनकी जिंदगी में खुशियां भर देगा। बाजार सर्वेक्षण कम्पनी ‘इपसोस’ द्वारा किए गए सर्वेक्षण में पाया गया कि कुंवारों से अधिक शादीशुदा लोग खुशी के लिए यौन जीवन का सहारा लेते हैं।

सर्वेक्षण में 44 प्रतिशत विवाहितों ने कहा कि बेहतर यौन जीवन से उनके जीवन में खुशियां आती हैं, जबकि 34 फीसदी कुंवारों ने ही ऐसा जवाब दिया।

दो-तिहाई यानी 65 प्रतिशत शादीशुदा भारतीय सोचते हैं कि उनका रिश्ता उन्हें सबसे अधिक खुशी देता है।

इपसोस के भारत में विपणन संचार प्रमुख बिस्वरूप बनर्जी ने कहा, “प्यार और वफादारी इस बार वेलेंटाइन दिवस में हावी है। भारत में यह आम है कि लाखों जोड़े जीवनभर अपने एक ही साथी के साथ रहते हैं। शादी एक अटूट बंधन है और इसे पवित्र माना जाता है। वे दूसरे देशों की तुलना में कहीं ज्यादा कामयाब हैं।”

उन्होंने कहा, “इसमें कोई हैरत की बात नहीं है कि अधिकतर भारतीय अपने जीवनसाथी या साझेदार के साथ सबसे ज्यादा खुशी महसूस करते हैं।”

दुनियाभर में लगभग 63 प्रतिशत लोगों का कहना है कि उनके जीवनसाथी के साथ उनका रिश्ता उन्हें सबसे ज्यादा खुशी प्रदान करता है। 41 प्रतिशत कुंवारों में से करीब 45 प्रतिशत ने कहा जीवनसाथी के साथ उन्हें सबसे अधिक खुशी मिलेगी।

प्रतिबद्ध रिश्तों में होते हुए अपने साथी के साथ सम्बंधों से सबसे अधिक खुशी मिलने की बात स्वीकार करने वाले सबसे अधिक लोग दक्षिण अफ्रीका (82 प्रतिशत), तुर्की (80 प्रतिशत) और मेक्सिको (79 प्रतिशत) में पाए गए।

इपसोस ने सर्वेक्षण में 23 देशों के 16-64 वर्ष की उम्र के 21,248 लोगों का साक्षात्कार लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button