Uncategorized

कार विस्फोट : दक्षिणी दिल्ली से बरामद हुई लावारिस मोटरसाइकिल

नई दिल्ली, 15 फरवरी | इजरायली दूतावास की गाड़ी में सोमवार के विस्फोट के दो दिन बाद बुधवार को दिल्ली पुलिस ने दक्षिणी दिल्ली के लाडो सराय इलाके से लावारिस हालत में पड़ी एक लाल रंग की मोटरसाइकिल बरामद की। विशेष पुलिस इकाई के एक अधिकारी ने आईएएनएस से बताया कि मोटरसाइकिल के मालिक का पता लगाने के लिए सघन तलाशी अभियान चलाया गया है।

उन्होंने बताया, “सोमवार को इजरायली दूतावास की कार में हुए बम विस्फोट की जांच की दिशा में हमें महरौली के नजदीक लाडो सराय में लाल रंग की मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिले होने की सूचना मिली थी। मोटरसाइकिल हमें संदिग्ध अवस्था में मिली।”

उन्होंने कहा, “हम इसकी जांच कर रहे हैं कि यह मोटरसाइकिल किसकी है। अभी इसकी पुष्टि की जानी है कि विस्फोट में यह मोटरसाइकिल इस्तेमाल हुई या नहीं।”

औरंगजेब रोड पर सोमवार शाम हुए विस्फोट के तुरंत बाद पुलिस ने लाल रंग की मोटरसाइकिल वाले पांच लोगों को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया था।

इस विस्फोट में इजरायली राजनयिक ताल येहोशुआ कोरेन की पत्नी सहित चार लोग घायल हो गए थे।

पुलिस के अनुसार, प्रत्यदर्शियों के अनुमान तथा सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि हमलावर लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और इजरायली दूतावास की इनोवा गाड़ी पर बम लगाकर भाग गए। (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button