
Koderma: कोडरमा जिले में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले पर नियंत्रण और संक्रमित मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से प्रयासरत है. इसी क्रम में बीती देर रात उपायुक्त रमेश घोलप ने कोडरमा के झुमरीतिलैया स्थित ओम क्लीनिक में कोविड मरीजों के लिए ऑक्सीजनयुक्त 16 बेड की शुरूआत करायी. दरअसल इस क्लीनिक के दो चिकित्सक कोरोना संक्रमित हो गए हैं.
उपायुक्त ने बताया कि हॉस्पिटल को जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त संख्या में कर्मी उपलब्ध करा दिया जाएगा. मरीजों के बेहतर इलाज के लिए स्टाफ की कमी नहीं होगी. इस अस्पताल के पास ऑक्सीजन पाइपलाइन सप्लाई की भी व्यवस्था है. जल्द ही बेहतर प्रबंधन के साथ इलाज के लिए इसका उपयोग किया जाएगा.
जिला प्रशासन के पास पर्याप्त ऑक्सीजन है. जल्द ही यहां जम्बो सिलेंडर से ऑक्सीजन की सप्लाई की ब्यवस्था बहाल कर दी जाएगी. बहरहाल जिला प्रशासन ने इस अस्पताल में 16 बेड वाले अतिरिक्त कोविड केयर सेंटर के संचालन का निर्णय लिया है. बाद में जरूरत के अनुसार बेडों की संख्या बढ़ायी जाएगी.
मौके पर ही कोविड केयर सेंटर के संचालन को लेकर उपायुक्त रमेश घोलप ने स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिया.
5 घंटे में बनकर तैयार डीसीएचसी के ब्यवस्था और मरीजों का हालचाल जानाः
इससे पहले उपायुक्त ने महज 5 घंटे में तैयार 25 बेड वाले अतिरिक्त कोविड हेल्थ केयर सेंटर राज शिशु क्लीनिक का भी निरीक्षण किया. वहां इलाजरत संक्रमित मरीजों से हालचाल भी पूछा. उन्होंने मरीजों को धैर्य रखने की अपील की. इस दौरान उपायुक्त ने संक्रमितों को मिलने वाली सुविधाओं का भी जायजा लिया.
मौके पर उपायुक्त श्री घोलप ने बताया कि महामारी को लेकर पूरे देश में स्थिति चिंताजनक है. लेकिन कोडरमा में हालात पर जिला प्रशासन ने नियंत्रण बनाए रखा है. उन्होंने कहा कि लगातार बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी ऑक्सीजन युक्त बेड बढ़ाने को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की मॉनिटरिंग हो रही हैः
उन्होंने कहा कि जो भी लोग संक्रमित हो रहे हैं और होम आइसोलेशन में है, ऐसे लोगों तक 24 घंटे के अंदर मेडिकल किट पहुंचाया जा रहा है. लगातार डॉक्टरों की टीम ऐसे लोगों की स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग कर रही है.
टेलीमेडिसिन सुविधा से लोग सीधे डॉक्टर से जुड़कर अपने स्वास्थ्य लाभ की जानकारी भी ले रहे हैं. मौके पर सिविल सर्जन डॉक्टर एबी प्रसाद, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजीत कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कौशलेश कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे.




