
Ranchi : राज्य के 1552 स्टूडेंट्स को क्लास नौ से 12वीं तक हर साल 12 हजार रुपये मिलेंगे. झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से राष्ट्रीय साधन सह मेधा छात्रवृति परीक्षा (एनएमएमएस) में राज्य के 1552 विद्यार्थी सफल रहे हैं. इस परीक्षा में सफल इन्हीं विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप दी जायेगी. इस परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल एनएसपी में जाकर आवेदन करना होगा. इसके बाद उन्हें स्कॉलरशिप दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें –रांची से 22 और लातेहार से 11 नये कोरोना संक्रमित मिले, झारखंड में हुए 5854 केस
पहली बार 1552 स्टूडेंट्स हुए हैं सफल
गौरतलब है कि जैक की ओर से केवल राष्ट्रीय साधन सह मेधा छात्रवृति परीक्षा ली जाती है. और रिजल्ट जारी किया जाता है. इस साल सबसे अधिक विद्यार्थी इस स्कॉलरशिप टेस्ट में सफल हुए हैं. पिछले वर्ष से 800 अधिक विद्यार्थी सफल हुए हैं. गढ़वा जिले के सरकारी मिडिल स्कूल दौनादाग का छात्र अंशुमान कुमार चौधरी एनएमएमएस परीक्षा का टॉपर बना. उसने कुल 152 अंक पाये हैं.
जैक की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, अब इन सभी सफल छात्र-छात्राओं को नौवीं कक्षा से लेकर 12वीं तक छात्रवृति का लाभ मिलता रहेगा. प्रत्येक सफल छात्र को हर साल 12 हजार रुपये पढ़ाई के लिए दिये जायेंगे. झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने परीक्षाफल जारी करते हुए बताया कि एमएमएमएस की परीक्षा में छात्रों की रूचि इस बार काफी बढ़ी है. परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब 10 हजार आवेदन आये थे. इसमें से 8602 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी.
नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर करना होगा आवेदन
परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को छात्रवृति पाने के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर आवेदन करना होगा. इस परीक्षा में आठवीं क्लास के स्टूडेंट्स आवेदन करते हैं. नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर आवेदन करने के बाद छात्रवृति की राशि एमएचआरडी नयी दिल्ली के द्वारा डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभुक छात्रों के खाते में भेजी जायेगी.
जैक ने बताया कि आवेदन नहीं देने की स्थिति में छात्रवृति से वंचित कर दिया जायेगा. आवेदन देने के लिए सफल छात्र-छात्राओं को एक फोटो, पासबुक की फोटो कॉपी और आय प्रमाण पत्र पोर्टल में अपलोड करना होगा. जिसके बाद आवेदकों को आगे की सूचना मिलेगी.
इसे भी पढ़ें –कोरोना : शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चेंबर ने दुकानें बंद रखने का लिया फैसला




