
Dumka: दुमका से 13 जून को एक विशेष ट्रेन से लगभग 15 सौ मजदूर सीमा सड़क संगठन ( BRO ) के साथ सड़क निर्माण के लिए लद्दाख रवाना होंगे. शुक्रवार को इच्छुक श्रमिकों का चयन एवं पंजीयण प्रक्रिया रेलवे स्टेशन परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में श्रमिकों को वेतन-भत्ता और सुविधाओं की जनकारी दी गई.
दुमका उपायुक्त ने क्या कहा
उपायुक्त राजेश्वरी बी ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के दौरान सरकार के प्रयास से हवाई जहाज के माध्यम से लेह-लद्दाख में फंसे श्रमिकों को दुमका लाया गया. इससे यह साफ प्रतीत होता है कि राज्य सरकार श्रमिकों की चिंता करती है. उनका पूरा ख्याल रखती है. उन्होंने कहा कि श्रमिकों के आने के बाद यह जानकारी प्राप्त हुई की कार्य करने के दौरान बिचैलियों के द्वारा उनका शोषण किया जाता है एवं उनका हक छीना जाता है. अब ऐसा बिल्कुल नहीं होगा. आपका जो भी मानदेय होगा वह सीधे आपके खाते में भेजा जाएगा.
यहां कराएं रजिस्ट्रेशन
उन्होंने कहा कि जो भी श्रमिक BRO में कार्य करना चाहता है, वह अपने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर रजिस्ट्रेशन करा सकता है. उन्होंने बताया कि इससे संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी मनोनीत किया गया है.
एसपी ने क्या कहा
दुमका एसपी ने कहा कि देश के सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क की कमी है. उन क्षेत्रों में सड़क बनाना बहुत ही कठिन कार्य है और इस दुर्गम क्षेत्रों में आपके द्वारा किए जाने वाला योगदान देश हित में काफी महत्वपूर्ण होगा. उन्होंने कहा कि बॉर्डर के जवानों की तरह ही आप सीमा क्षेत्रों में तैनात रहेंगे इस दौरान आपके परिवार जनों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा.




