
Daltonganj : पलामू जिले के हुसैनाबाद स्थित ए.के सिंह डिग्री काॅलेज में बीएससी पार्ट वन प्रैक्टिल विषयों में नाजायज राशि लेने वाले प्रोफेसरों पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है. हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी कुंदन कुमार ने इस सिलसिले में काॅलेज के प्राचार्य अशोक सिंह को निर्देश जारी किया है. प्रशासनिक चाबूक चलाये जाने के बाद पैसे लेने वाले प्रोफेसरों में अब हड़कंप मच गयी है.
इसे भी पढ़ें- पलामू: पहले प्रैक्टिल परीक्षा का पूरा हुआ कोरम, अब पास कराने के लिए खुलेआम लिए जा रहे पैसे (देखें वीडियो)
पैसे लेते वीडियो हुआ था वायरल
गौरतलब है कि शनिवार को ए.के सिंह काॅलेज में प्रैक्टिल विषयों में पास कराने के एवज में पैसे लेने का स्टिंग करते हुए एक वीडियो भी जारी किया गया था. जिसमें काॅलेज के रसायन विषय के प्रोफेसर अशोक कुमार वैद्य प्रत्येक छात्र एक-एक हजार रूपये मांग रहे थे. जो छात्र इतनी राशि दे रहे थे, उन्हें पास करने की बात कही जा रही थी. लेकिन जिन छात्रों का सौ रूपया तक भी बकाया रह रहा था, उन्हें फेल करने की धमकी दी जा रही थी. इतना ही नहीं प्रोफेसर वहां शराब भी पी रहे थे. वीडियो में शराब की बोतल और प्लास्टिक ग्लास में भरी शराब भी वायरल हुयी थी.
इसे भी पढ़ें- गिरिडीह: जनाजे पर कथित पथराव व पथरवा के विरोध में तोड़फोड़ के खिलाफ सड़क जाम, पुलिस तैनात
न्यूज विंग की खबर का हुआ असर
इस खबर को ‘न्यूज विंग’ ने प्रमुखता से लिया जिसके बाद काॅलेज प्रशासन के साथ-साथ सिविल प्रशासन हरकत में आया. आनन-फानन में हुसैनाबाद के एसडीओ सह ए.के सिंह काॅलेज तदर्थ समिति के सचिव कुंदन कुमार द्वारा एक लेटर जारी कर प्राचार्य अशोक सिंह को दोषी व्याख्याताओं और कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया.
कुलपति ने भी लिया संज्ञान, जांच के दिये निर्देश
नीलाम्बर पीताम्बर विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एसएन सिंह ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए जांच के आदेश दिये हैं. कुलपति ने बताया कि उनके द्वारा विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में शैक्षणिक सुधार का भरसक प्रयास किया जा रहा है. कई सुधार दिख रहे हैं, लेकिन कई मामलों में सुधार की गुंजाइश है.
निष्पक्ष जांच हो तो सामने आ सकती है कई अनियमितता
ए.के सिंह डिग्री काॅलेज का विवादों से पुराना रिश्ता रहा है. यहां कार्यरत कई प्रोफेसर दो-दो जगहों पर अपनी सेवा देते रहे हैं और वेतन भी उठा रहे हैं. एक साल पहले इस काॅलेज के अलावा अन्य काॅलेज में सेवा देने के आरोप में प्रो. रामसुभग सिंह और प्रो. अशोक कुमार सिंह को बर्खास्त किया गया था. निष्पक्ष जांच की जाये तो कई अन्य प्रोफेसरों की ऐसी संलिप्तता सामने आ सकती है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




