Uncategorized

स्वच्छ भारत अभियान की प्रगति का सर्वेक्षण शुरू

नई दिल्ली: शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने शनिवार को शहरी स्थानीय निकायों के प्रयासों से चल रहे नगरों एवं शहरों की स्वच्छता के स्तर के आकलन के लिए एक सर्वेक्षण अभियान का शुभरंभ किया। वर्ष 2014 के अक्टूबर में शुरू ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के बाद ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2017’ दूसरा सर्वेक्षण है।

नायडू ने कहा कि सर्वेक्षण का पिछला दौर 10 लाख और इससे अधिक आबादी वाले 73 शहरों का था। सर्वेक्षण के इस दूसरे दौर में 500 शहर और कस्बे शामिल किए जाएंगे।

इस सर्वेक्षण में एक लाख और इससे अधिक आबादी वाले शहरी इलाकों, राजधानी वाले शहर और विरासत व पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण और पहाड़ी इलाकों के शहर शामिल किए जाएंगे।

नायडू ने कहा कि पहले सर्वेक्षण में 115 शहर खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) हो गए हैं और 793 शहर और कस्बों को अगले वर्ष मार्च तक इससे मुक्त हो जाना तय है। गुजरात, आंध्र प्रदेश और केरल के मार्च 2017 तक ओडीएफ हो जाने की उम्मीद है।

मंत्री ने 500 शहरों एवं कस्बों को अगले वर्ष जनवरी में होने वाले सर्वेक्षण के लिए कई मोबाइल एप और प्रकाशित सामग्री जारी किया।

नायडू ने जिन शहरों का सर्वेक्षण किया जाना है उनके मेयरों, नगर निगमों के अध्यक्षों, निगम आयुक्तों एवं शहर के अन्य अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि शहरों का शौचालयों के निर्माण में प्रगति, नागरिकों से उनके बारे में मिली जानकारी और स्वच्छता स्तर का स्वतंत्र स्तर से निरीक्षण के आधार पर इनका क्रम निर्धारित किया जाएगा।

नायडू ने बताया कि वर्ष 2014 के अक्टूबर में स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत के बाद 21 लाख घरों में शौचालय के निर्माण का काम पूरा हो चुका है और अन्य 21 लाख शौचालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

इस अभियान का लक्ष्य वर्ष 2019 तक 1.04 करोड़ शौचालय तैयार कराना है।

नायडू ने इस अवसर पर स्वच्छ मोबाइल एप एवं स्वच्छता हेल्पलाइन (1969) की शुरुआत की, ताकि नागरिक और प्रभावी ढंग से व सक्रियता के साथ स्वच्छ भारत अभियान में शहरी इलाकों में हिस्सा ले सकें।

नागरिक स्वच्छ एप पर शहर के गंदे इलाकों की फोटो पोस्ट कर सकते हैं और उन्हें संबंधित शहरी स्थानीय निकाय से एक खास समय सीमा के अंदर की गई कार्रवाई की जानकारी मुहैया कराई जाएगी।

मुफ्त सेवा हेल्पलाइन नंबर 1969 का इस्तेमाल करके नागरिक स्वच्छता अभियान में किस तरह से हिस्सा ले सकते हैं और शौचालय निर्माण के लिए अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी पा सकते हैं।

इस अवसर पर नायडू ने ‘असली तरक्की’ प्रचार अभियान की भी शुरुआत की। इसका मकसद शौचालय बनवाने की जरूरत और उनके इस्तेमाल के बारे में जानकारी देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button