Uncategorized

साहेबगंज: फुटबॉल खेलने निकला था घर से, पोखर में मिला युवक का शव

 

Sahebganj, 10 October: तालझारी थाना क्षेत्र के मिशन मैदान के पास स्थित तालाब में, मंगलवार सुबह एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया. शव की पहचान हरिणकोल के 16 वर्षीय दानियल मुर्मू के रुप में की गयी है.

फुटबॉल खेलने गया था

मृतक के बड़े भाई ज्योतिस मुर्मू ने पुलिस को बताया कि दानियल रविवार को केन्दुवा में हो रहे फुटबॉल मैच खेलने जाने का बोल कर घर से निकला था. जब देर रात तक नहीं आया, तो सुबह उनके दोस्तों से पुछताछ की परन्तु कुछ पता नहीं चला.

रात में नहीं लौटा, सुबह मिला शव

वहीं मंगलवार को सुबह मिशन मैदान स्थित तालाब में उसका शव होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही तालझारी थाना प्रभारी बी.माझी एवम ए.एस.आई प्रलाद पासवान मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

हत्या किये जाने की आशंका

पुलिस ने हत्या की आशंका व्यक्त की है. शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक को पहले मार दिया गया और फिर उसकी लाश पानी में फेंक दी गयी. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला साफ होने के आसार हैं.

मैट्रिक की परीक्षा देनेवाला था, चाची के साथ रहता था

मृतक के बड़े भाई ने बताया कि दानियल इस बार मैट्रिक परीक्षा देने वाला था. वहीं उनके दोस्तों ने बताया की दानियल अच्छा लड़का था. फुटबॉल भी अच्छा खेलता था. मृतक अपनी चाची सुनिता हांसदा के साथ रहता था. उसकी मां की मृत्यु पहले ही हो चुकी है जबकि पिता काम के सिलसिले में बाहर गये हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button