News Wing Sahebganj, 20 November: साहिबगंज ब्लॉक की बीडीओ प्रतिमा कुमारी ने सोमवार को मखमलपुर के ललबथानी दियारा के सरपंच टोला उत्क्रमित विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों को क्लास छोड़ धूप सेंकता पाया. स्कूल के प्रभारी मो अलीमुद्दीन जंग भी उस वक्त स्कूल में मौजूद नहीं थे. फोन करने के बाद वह पहुंचे. निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने क्लास में 30-35 बच्चों को ही उपस्थित पाया, लेकिन जब रजिस्टर देखा तो उसमें करीब 60 बच्चों की मौजूदगी पायी. इसके बाद बीडीओ ने प्रभारी और शिक्षकों को जमकर फटकार लगाई.
30-35 बच्चे थे मौजूद, बन रहा था 100 बच्चों का भोजन
क्लास के बाद बीडीओ ने रसोई घर का निरीक्षण किया. यहां भी शिक्षकों की लापरवाही से मध्याहन भोजन के अनाज की बर्बादी होता पाया गया. शेड्यूल के मुताबिक भोजन नहीं बन रहा था. बच्चों की उपस्थिति 30-35 ही थी, जबकि 100 से अधिक बच्चों का खाना बनाया जा रहा था. इस बारे में जब बीडीओ ने पूछा तो शिक्षकों ने कहा कि गांव के बच्चे भी मिड डे मील का भोजन करते हैं इसलिए ज्यादा मात्रा में बनाया जा रहा है.
बीडीओ ने प्रभारी को लगाया फटकार
निरीक्षण के दौरान स्थानीय मुखिया मो इशहाक भी मौजूद थे. मिड डे मील की बर्बादी के बाबत जब उन्होंने मुखिया से पूछा तो उन्होंने कुछ भी जानकारी नहीं होने की बात बताई. इसके बाद बीडीओ ने स्कूल प्रभारी को फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि अपने काम करने का तरीका बदलें वरना कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि अनाज स्कूली बच्चों के खाने के लिए है, न कि बर्बाद करने के लिए.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




