News Wing
Ranchi, 04 November : मंत्री सरयू राय ने एनएच-33 के फॉर लेनिंग में देरी को लेकर फिर नाराजगी भरी टिपण्णी की है. उन्होंने कहा है कि ठेकेदार की मनमानी से यह भुतहा प्रोजेक्ट बन गया है. हमने जमशेदपुर से रांची तक इस मामले में आन्दोलन किये. एनएच ने केस भी किया. फिर भी काम में देरी को लेकर माननीय उच्च न्यायालय ने संज्ञान लिया है. उन्होंने कहा कि हालांकि केंद्र में सरकार बदलने के बाद काफी काम हुआ. फिर भी अब तक दो तिहाई सड़क ही बन पाई है.
यह भी पढ़ें : ‘मंत्री सरयू राय ने एनएच-33 की बदहाली को रहस्यमयी बताया’
गड़करी से किया है अनुरोध
सरयू राय ने कहा कि बारिश के बाद कई जगहों पर सड़क इतनी जर्जर हो चुकी है कि तत्काल मरम्मत कर उसे चलने योग्य बनाना जरूरी है. यह काम ठेकेदार को करना है पर वह नहीं कर रहा. मेरे अनुरोध पर केन्द्रीय पथ परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने निर्देश दिया कि सड़क मरम्मत का काम फ़िलहाल भारत सरकार का नेशनल हाइवे अथॉरिटी अपने ख़र्च पर कर दे. बाद में इसका हिसाब ठेकेदार से होगा. सरयू राय ने बताया कि अथॉरिटी ने इसके लिये निविदा प्रक्रिया शुरू दी है. शीघ्र निर्माण शुरु होगा.
ज्ञात हो कि सरयू राय एनएच-33 को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं. सरकार पर भी व्यंग्यात्मक से लेकर गंभीर टिप्पणियां कर चुके हैं. इस बार उन्होंने कहा है कि यह भुतहा प्रोजेक्ट बन गया है.




