
Patna : तेजप्रताप यादव के भूतों वाले बयान के बाद राजनीतिक गलियारे में भूतों की चर्चा जोरों पर है. उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने तेजप्रताश के बयान पर तंज कसते हुये अपने ट्वीट में लिखा है कि अब सरकारी बंगलों से भूतों का कब्जा जल्द हटने वाला है.
गौरतलब हो कि कुछ दिन पहले ही तेजप्रताप यादव ने सरकारी बंगला खाली करने के दौरान कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सुशील मोदी ने मुझे डराने के लिए मेरे बंगले में भूत छोड़ दिया है. जिस कारण मैं बंगला छोड़ रहा हूं. तेजप्रताप के इस बयान के बाद पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी थी.
इसी बयान पर तंज कसते हुये उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि जो लोग सरकार में रहते हुये अपनी राजनीतिक हैसियत का दुरुपयोग कर जमीन, मॉल, फ्लैट और न जाने कितनी अकूत संपति बनायी, लेकिन नीतीश कुमार ने ऐसे महाभूतों को छह माह पहले उन्हें उनकी औकात बता दी. सरकार से महाभूतों का कब्जा हट गया तो अब सरकारी बंगलों से भी जल्द ही भूतों का कब्जा हटने वाला है.
इसे भी पढ़ें- अब डुमरी विधायक जगरनाथ महतो ने अफसरों को धमकाया, सीओ व अंचलकर्मियों से कहा- बाल-बच्चा, नौकरी से प्यार है तो सुधर जाओ
प्रधानमंत्री को धमकी देने वालों का कोई क्या बिगाड़ सकता है : मोदी
सुशील मोदी ने एक अन्य ट्वीट कर तेजस्वी यादव पर भी तंज कसा है. उन्होंने कहा कि जिन्हें विरासत में राजनीति मिली हो और उसी के बल पर जो लोग विधायक और मंत्री बने हो उसे किससे जान का खतरा हो सकता है. अप्रत्यक्ष रूप से तेजप्रताप के एक बयान को आधार बनाते हुये कहा कि जो प्रधानमंत्री की चमड़ी उधेड़ने की धमकी दे सकता है, उसे कोई छूने की हिम्मत कैसे कर सकता है. ज्ञातव्य हो कि तेजस्वी ने सरकार पर खाने में जहर मिलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया था.




