Uncategorized

श्रमशक्ति एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतरा

नई दिल्ली/कानपुर: दिल्ली से कानपुर आ रही श्रमशक्ति एक्सप्रेस का इंजन आज सुबह कानपुर स्टेशन से पहले जूही यार्ड में पटरी से उतर गया. हालांकि, ट्रेन के बाकी डिब्बे पटरी से नहीं उतरे, जिससे किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई और सभी यात्री सुरक्षित ट्रेन से उतर गए.

इंजन के पटरी से उतरने से झांसी-बांदा रेलमार्ग प्रभावित हुआ है. उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संदीप माथुर ने बताया कि शनिवार सुबह 6:30 बजे श्रमशक्ति एक्सप्रेस दिल्ली से कानपुर आ रही थी. सेंट्रल रेलवे स्टेशन से पहले ट्रेन जूही यार्ड में रुकी थी. जैसे ही जूही यार्ड से ट्रेन चली, अचानक उसका इंजन पटरी से उतर गया.

उन्होंने बताया कि क्योंकि ट्रेन की गति बहुत कम थी, इसलिए ट्रेन के बाकी डिब्बे न तो पटरी से उतरे और न ही किसी यात्री को कोई नुकसान हुआ. तुरंत पटरी से उतरे इंजन को रोक दिया गया और बाकी डिब्बों को जूही स्टेशन पर पीछे किया गया. यात्रियों को जूही स्टेशन उतार दिया गया. उन्होंने बताया कि जूही यार्ड मुख्य स्टेशन से कुछ ही दूर है, इसलिए सभी यात्री आराम से वहां उतर गए.

माथुर ने बताया कि इस घटना की वजह से दिल्ली हावड़ा मार्ग पर कोई असर नही पड़ा है, लेकिन झांसी-बांदा रेल मार्ग बाधित हुआ है. जूही यार्ड में अचानक ट्रेन के रुकने से यात्री काफी घबरा गए थे, लेकिन एक बड़ा हादसा होने से बच गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button