Uncategorized

विदेशों में जमा कालाधन कांग्रेस और भाजपा के लोगों का : मरांडी

नामांकन के बाद बाबूलाल मरांडी ने किया गिरिडीह में रोड शो

गिरिडीह : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झाविमो प्रजातांत्रिक प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विदेशों में जमा काला धन कांग्रेस और भाजपा के लोगों का है। उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टियों के नेताओं से विदेशो में जमा भारत का कालाधन वापस आयेगा यह असंभव है।

श्री मरांडी मंगलवार को गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से नामांकन करने के बाद झंडा मैदान में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। सभा में उन्होंने कहा कि लोगों ने 14 सालों तक झारखंड को लूटने का काम किया है। वैसे लोगों को वोट देने से पहले झारखंड की जनता को एक बार गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने सवाल किया कि राज्य की जनता को एक निष्ठावान, ईमानदार सेवक की जरूरत है या फिर लुटेरों की। यह राज्य की जनता को तय करना चाहिये।

राज्य की जनता का उन्होंने आह्वान किया कि आपके एक वोट से प्रदेश की पांच वर्षो की किस्मत जुड़ी है। इसलिए सोच विचार कर ही अपने विधायक का चयन करें, वर्ना फिर पछताना पड़ेगा।

श्री मरांडी ने कहा कि झारखंड में जेवीएम की सरकार बनी तो एक संसदीय क्षेत्र में एक आर्दश गांव नहीं बल्कि पूरे 29 हजार गांवों को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का काम समय सीमा के भीतर किया जायेगा। 14 सालों के दौरान भ्रष्टाचार के जो भी मामले हुए हैं। उन तमाम मामलों की जांच करवाकर दोषियों को जेल में भेजने का काम उनकी सरकार करेगी।

श्री मरांडी ने कहा कि जिले में इंजीनियरिंग काॅलेज खोला जायेगा। स्वास्थ्य की बदत्तर हालत में सुधार होगा। सड़कों को दुरूस्त किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था करने का वादा हमने चुनावी घोषणा पत्र में किया है।

श्री मरांडी ने कहा कि यह सभी काम हमारी सरकार समय सीमा के भीतर ईमानदारी से करेगी। चुनावी सभा के पार्टी प्रधान के महासचिव प्रदीप यादव, डाॅ सबा अहमद, प्रो एचच एन देव, दिनेश यादव, उपाध्यक्ष राकेश मोदी, अशोक डंगैय, पूर्व विधायक ज्योतिन्द्र प्रसाद, महेश राय, राजेश जयसवाल, सुरेश साव, मौलाना जाकिर, सहित कई अन्य झाविमो नेताओं ने सभा को सम्बोधित किया।

इससे पहले गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से लक्ष्मण स्वर्णकार ने गाण्डेय विधानसभा क्षेत्र से और सत्यनारायण दास को जमुआ क्षेत्र से झाविमो प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र भरा। श्री मरांडी ने गिरिडीह शहर में रोड शो कर समर्थन मांगा। उनके साथ काफी संख्या में पार्टी समर्थक बांके विहारी शर्मा, मनोज संघाई, चुनुकान्त व अन्य नेता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button