Uncategorized

विजय बहुगुणा की ताजपोशी से नाराज हरीश रावत ने दिया इस्‍तीफा

नई दिल्ली : उत्तराखंड में सीएम की कुर्सी को लेकर घमासान जारी है. विजय बहुगुणा के ताजपोशी से नाराज उत्‍तराखंड कोटे से केंद्रीय मंत्री हरीश रावत ने प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा भेज दिया है. न्‍यूज एजेंसी के मुताबिक उत्तराखंड का मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज हरीश रावत ने इस्तीफा दे दिया है. बताया जा रहा है कि हरीश रावत ने अपने इस्‍तीफे में कहा है कि उनके समर्थकों के हंगामा को देखते हुए उनको मंत्री पद से मुक्‍त किया जाए.

रावत ने कहा है कि इन हालातों में काम करना मुश्किल है. फिलहाल प्रधानमंत्री ने अभी रावत के इस्‍तीफे पर अभी कोई फैसला नहीं लिया है. हरीश रावत ने भले ही अपने समर्थकों के हंगामा को कारण बताते हुए इस्‍तीफा सौंपा हो, पर बताया जा रहा है कि विजय बहुगुणा को सीएम बनाए जाने से वो नाराज हैं. हरीश रावत ने सोनिया गांधी को भी पत्र लिखा है कि जिसमें उन्‍होंने कहा है कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्‍मान किया जाना चाहिए.

बताया जा रहा है कि नाराज रावत संसदीय कार्यमंत्री होने के बाद भी संसद नहीं पहुंचे हैं. वे अब तक अपने घर में ही हैं और संसदीय कमेटी की अहम बैठक में भी शामिल नहीं हुए. दूसरी तरफ उनके समर्थकों का हंगामा लगातार जारी है. आज सुबह भी उनके घर के सामने समर्थकों ने जबर्दस्‍त हंगामा किया और नारेबाजी की. इस बीच केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी ने हरीश रावत के इस्‍तीफे की बात को बेबुनियाद बताया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button