तिरुवनंतपुरम : केरल में इसी महीने के आखिर में शुरू होने वाले 35वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजकों पर मीडिया के एक समूह की तरफ से हो रहे हमलों के बीच रविवार को एक अधिकारी ने कहा कि अब तक उन्हें किसी ने कुछ गलत होने के बारे में रिपोर्ट नहीं की है। 31 जनवरी से 14 फरवरी के बीच होने वाले 35वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन राज्य के सात जिलो में 30 आयोजन स्थलों पर होगा।
राष्ट्रीय खेलों के मुख्य आयुक्त जैकब पुनूस ने रविवार को कहा, “जब तक मुझे कोई नहीं बताएगा कि गड़बड़ी कहां है, तब तक मैं कोई जवाब देने में असमर्थ हूं। जब तक कोई मुद्दा उठाएगा ही नहीं, मैं कैसे संदेह दूर कर सकता हूं।”
मीडिया के एक समूह ने, जिसमें टेलीविजन चैनल विशेष रूप से शामिल हैं, राष्ट्रीय खेलों के खिलाफ मीनमेख निकालने का जैसे अभियान छेड़ रखा है और राष्ट्रीय खेलों के खिलाफ किसी बयान को खूब कवरेज दी जा रही है।
पिछले सप्ताह की शुरुआत तक खेलों के आयोजन की तैयारी अच्छी चल रही थी। लेकिन राष्ट्रीय खेलों के प्रचार के उद्देश्य से आयोजित ‘रन केरला रन’ अभियान का प्रबंधन एक टेलीविजन चैनल से संबद्ध प्रबंधन कंपनी को 10.62 करोड़ रुपयों में देने की बात का खुलासा होने के बाद यह विवाद शुरू हुआ।
रन केरला रन का आयोजन 20 जनवरी को राज्य के 7,000 स्थलों पर होना है, और इसमें राष्ट्रीय खेलों के ब्रांड एम्बेसडर सचिन तेंदुलकर भी हिस्सा लेंगे।
खेल मंत्री तिरुवंचूर राधाकृष्णन ने कई बार बयान जारी कर कहा कि प्रबंधन कंपनी का चयन पारदर्शी तरीके से किया गया, लेकिन कोई उनकी बात पर विश्वास करने को तैयार ही नहीं है।
इस बीच मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता पिनरायी विजयन ने कहा, “इस खेल आयोजन को देश में आदर्श आयोजन बनाना चाहिए..लेकिन अब यह विवाद में फंस चुका है।” (आईएएनएस)




