कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी को एक अज्ञात युवक ने भरी सभा में रविवार को थप्पड़ मार दिया। अभिषेक उस समय पूर्व मिदनापुर जिले में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित कर रहे थे।
सिर पर टोपी पहने एक युवक मंच पर आया और लगा कि वह अपने मोबाइल से फोटो खींच रहा है। वह बनर्जी के करीब पहुंचा और उनके गाल पर थप्पड़ मार दिया। वह तृणमूल युवक कांग्रेस (टीवाईसी) की ओर से चांदीपुर में आयोजित सभा में बोल रहे थे। चकित बनर्जी पीछे हट गए और युवक दूसरा थप्पड़ उन्हें नहीं मार सका।
मंच पर मौजूद तृणमूल युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
डायमंड हार्बर से सांसद, अभिषेक बनर्जी टीवाईसी के अध्यक्ष हैं, और व्यापक तौर पर उन्हें ममता बनर्जी का राजनीतिक उत्तराधिकारी माना जाता है।(आईएएनएस)




