Md. Asghar Khan
Ranchi, 17 October: रांची के डोरंडा कुम्हार टोली से नीम चौक तक जाने वाली मुख्य सड़क पिछले एक दशक से जर्जर स्थिति में है. लगभग आधा किलोमीटर तक फैले इस सड़क पर जगह-जगह रोड़े निकल चुके हैं. सड़क गड्ढे में तबदील हो गयी है. सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि लोगों का चलना मुश्किल हो गया है. इसकी वजह से आये दिन दुर्घटना होती रहती है.
देखें वीडियो
सड़क मरम्मती पर नहीं दे रहा कोई ध्यान
स्थानीय लोग वार्ड पार्षद और विधायक को सड़क की समस्या से कई बार अवगत करा चुके हैं लेकिन फिर भी इस पर पार्षदों की नींद नहीं खुल रही है, और न ही विधायक जी ध्यान दे रहे हैं. शहर की यह सड़क हाइकोर्ट को भी जोड़ती है. डोरंडा के कई मुहल्ले को जोड़ने वाला यह रोड वार्ड नंबर 46 और 52 के अंर्तगत आता है. हजारों लोग रोजाना इस सड़क से गुजरते है. इस सड़क से कुम्हार टोली, हरिजन मुहल्ला, रविदास मुहल्ला, कुरैशी टोला, पोखरटोली, मनीटोला आदि जैसे मुहल्ले जुड़े हुए हैं, जहां शहर की घनी आबादी निवास करती है.
देखें वीडियो
तीन सालों से हो रहा टेंडर
सड़क बनाए जाने को लेकर मनीटोला नीम चौक के लोग पिछले कई सालों से प्रयास कर रहे हैं. इसके लिए बार-बार वार्ड पार्षद पुष्पा तिर्की और राजकुमार सिंटू से शिकायत भी कर चुके हैं. सड़क की बदहाली के संबंध में विधायक नवीन जायसवाल से भी गुहार लगा चुके हैं. स्थानीय निवासी मोहसिन ने बताया कि वार्ड पार्षद पिछले तीन साल से ‘टेंडर हो रहा है’ का आश्वासन देते आ रहे हैं. वहीं इमरान रजा कहते हैं कि विधानसभा और पार्षद के चुनाव में प्रत्याशियों ने इस सड़क को मुद्दा बनाया था. इसे बनवाने का वादा कर वोट मांगे गए थे. लेकिन फिर भी सड़क को मरम्मत नहीं कराया गया.
देखें वीडियो
बरसात में नाले का पानी घर में घुस आता है
बरसात में इस सड़क की समास्या से लोगों को सबसे अधिक परेशान होना पड़ता है. खराब सड़क की वजह से अक्सर यहां पर जलजमाव हो जाता है. उर्मिला उरांव कहती है कि बरसात के दिनों में सड़क कीचड़ से भर जाता है. नाले का गंदा पानी घर में घुस जाता है. दस सालों से सड़क का यही हाल है.
मनीटोला आने को तैयार नहीं होते ऑटो चालक
मोहल्ला निवासी परवेज बताते हैं कि मनीटोला जाने के नाम पर ऑटो चालक तैयार नहीं होते हैं. वो कहते है कि सड़क बहुत खराब है, हम नहीं जाएंगे. वहीं मोहल्ले के एक और निवासी कोंगु मुंडा को लगता है कि इस सड़क का कुछ नहीं होने वाला है. राम भरोसे छोड़ दिया गया है. वहीं दिव्या उरांव कहती हैं कि मुझे लगता है कि पूरे शहर में सबसे खराब हमारी सड़क है. रात में बहुत डर लगता इस पर चलने में कि कहीं अंधेरे में गिर ना जायें.
देखें वीडियो
क्या है विधायक और पार्षदों का पक्ष
वार्ड नंबर 52 की पार्षद पुष्पा तिर्की ने बताया कि इस सड़क का टेंडर कई बार डाला गया, लेकिन बार-बार रद्द हो जाता है. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण ठेकेदार इसका टेंडर नहीं डालते हैं. उन्होंने बताया कि पीडब्लूडी से इसका टेंडर पास हो गया है, छठ के बाद सड़क का शिलान्यास कर निर्माण कार्य शुरु कर दिया जायेगा. जबकि स्थानीय विधायक नवीन जायसवाल का कहना है कि इसको बनवाने की जिम्मेदारी रांची नगर निगम की है. उनका यह भी कहना है कि इस सड़क निर्माण का डीपीआर तैयार हो गया, प्रोसेस में है. सड़क निर्माण में इतना विलंब क्यों किया जा रहा है, के सवाल का जवाब देते हुए नवीन जायसवास ने कहा कि रांची में हर जगह सड़क बन रही है, डोरंडा में सड़क बनी है. इसे जल्द ही बनवाया जायेगा. गौरतलब है कि डोरंडा इलाका हाटिया से भाजपा विधायक नवीन जायसवाल का क्षेत्र है. जबकि वो दो टर्म से इस क्षेत्र के विधायक है.




