Saurabh Shukla
Ranchi, 21 October : झारखंड में लगातार हो रही बारिश ने सूबे के किसानों को चिंता में डाल दिया है. किसानों को यह चिंता इसलिए सता रही है कि कहीं बारिश उनके धान की फसल को बर्बाद न कर दे. खेतों में धान की फसल लहलहा रही है और धान की बालियां भी पकने के कागार पर है. ऐसे में बारिश ने किसानों की चेहरे की मुस्कान छीन ली है. तेज हवा के झोंके और बारिश से खेतों में लगे धान गिर चुके हैं. जिससे धान की बालियां सड़ने की संभावना है.
बेमौसम बरसात से किसानों को हो सकती है समस्या : प्रो रमेश कुमार (मौसम वैज्ञानिक)
वर्षा से धान पर असर के बाबत पूछे गए सवाल पर कृषि वैज्ञानिक ने किसानों को हिदायत देते हुए कहा कि वह धान की फसल को अभी एक हफ्ते तक ना काटें. किसी प्रकार धान को पानी से बचा कर रखें. उन्होंने कहा कि यह बारिश रवि फसल के लिए फायदेमंद है. कृषि वैज्ञानिक की माने तो झारखंड में अधिक दिनों के लिए धान की फसल उगायी जाती है. हालांकि जहां धान की फसलों की कटाई और जहां फसलें पक चुकी हैं वहां थोड़ा-बहुत नुकसान होने की संभावना है.
बारिश से किसानो को परेशानी : मनोहर टोप्पो (किसान)
नगड़ी के किसान मनोहर टोप्पो की माने तो अचानक पानी पड़ने से मायूसी हो रही है. कड़ी मेहनत के बाद खेतों में धान की बुआई की गयी थी. उन्होंने कहा कि समय दर समय धान की रखवाली और कीटनाशक के प्रयोग के बाद कटाई के समय ऐसी बारिश ने उन्हें निराश कर दिया है.
सब्जियों के दाम में भी हुआ इजाफा
बारिश के बाद सब्जियों की कीमतों में भी इजाफा हुआ है. आमतौर पर 20 रुपये में मिलने वाली सब्जियों का दाम दुगना हो गये हैं. सब्जी की खेती करने वाले किसानों की माने तो खेत में पानी जम जाने से पौधे सड़ने लगे हैं. जिस कारण सब्जियों की कीमत बढ़ी है.
खीरा : 40 रुपये प्रति किलोग्राम
टमाटर : 60 रुपये प्रति किलोग्राम
बैगन : 40 रुपये प्रति किलोग्राम
गोभी : 50 रुपये प्रति किलोग्राम
फ्रेंच बीन : 50 रुपये प्रति किलोग्राम
पत्ता गोभी : 40 रुपये प्रति किलोग्राम
भिंडी : 40 रुपये प्रति किलोग्राम




