Uncategorized

मैगी का प्रचार अब नहीं करूंगा : अमिताभ

मुंबई : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने कहा है कि वह अब मैगी के किसी उत्पाद का प्रचार नहीं करेंगे। मैगी नूडल्स के प्रचार के लिए पूर्व में किए गए करार के कारण अमिताभ को कानूनी दिक्कतें पेश आ रही हैं। टू-मिनट मैगी नूडल्स को लेकर चल रहे विवाद के संबंध में अमिताभ ने आईएएनएस से कहा, “मुझे मीडिया से इस बारे में पता चला, लेकिन अबतक मुझे कोई नोटिस नहीं मिला है। यदि मुझे नोटिस भेजा जाता है, तो मैं अपने वकीलों से बात करूंगा और कानून के साथ पूरा सहयोग करूंगा।”

अमिताभ ने कहा, “अब मैं मैगी का प्रचार नहीं करूंगा। मैंने दो साल पहले ही यह बंद कर दिया था। नेस्ले के साथ मेरे करार की अवधि पूरी हो चुकी है।”

नेस्ले इंडिया किचन का लोकप्रिय उत्पाद मैगी नूडल्स के नमूनों की प्रयोगशाला जांच में पता चला है कि इसमें निर्धारित सीमा से ज्यादा लेड (सीसा) का इस्तेमाल होता है।

मैगी के प्रचार के लिए अमिताभ के अलावा अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और प्रीति जिंटा को भी कानूनी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।

खाद्य नियामक संस्था फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफएसडीए) ने मैगी के नमूनों में मोनोसोडियम ग्लूटामेट (एमएसजी) और सीसा की तयशुदा सीमा से अधिक मात्रा पाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के बाराबंकी की स्थानीय अदालत में नेस्ले इंडिया के खिलाफ मामला दायर किया गया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मैगी की बिक्री पर बुधवार से 15 दिनों का प्रतिबंध लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button