News Wing
Mumbai, 10 November : भोजपुरी फिल्म के निर्देशक शाद कुमार ने मीरा रोड स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शाद कुमार (50) का मूल नाम शमशाद अहमद था और उन्होंने न्यू सलोनी को-ऑपरेटिव सोसायटी में कल दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर आत्महत्या की.
अधिकारी के मुताबिक उनकी पत्नी बानो शमशाद अहमद शेख जब घर पहुंचीं तो उन्होंने निर्देशक को कमरे की छत से झूलता पाया. अधिकारी ने बताया कि सोसायटी के चेयरमैन ने उन्हें मृत घोषित कर दिया जो पेशे से चिकित्सक हैं. सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश निकम ने कहा कि बानो के बयान के मुताबिक शाद फिल्मों में नुकसान उठाने के कारण पिछले कुछ दिनों से अवसादग्रस्त थे.
‘इक लैला, तीन छैला’’, ‘‘भईल तोहरा से प्यार’’, ‘‘तुम्हारे प्यार की कसम फिल्मों का निर्देशन
उन्होंने कई भोजपुरी फिल्मों का निर्देशन किया जिसमें ‘‘इक लैला, तीन छैला’’, ‘‘भईल तोहरा से प्यार’’, ‘‘तुम्हारे प्यार की कसम’’ शामिल हैं. उनकी नयी फिल्म ‘‘स्वर्ग’’ 24 नवम्बर को रिलीज होने वाली थी. उन्होंने अपने कॅरियर की शुरुआत भोजपुरी फिल्मों में सहायक फोटोग्राफर के रूप में की थी.




