नई दिल्ली: लोकसभा चुनावों के पांच चरण पूरे हो चुके हैं और अब 24 अप्रैल को चुनावों के छठें चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। जैसे-जैसे चुनावों चरण अपने चरम पर पहुंचते जा रहे हैं, केंद्र में बनने वाली सरकार के बारे में भी कयासों का सिलसिला तेज होता जा रहा है। कई सर्वे और एग्जिट पोल्स के नतीजे अगर सही साबित हुए तो देश में नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन को देश की सत्ता हासिल होगी। गुजरात में बतौर मुख्यमंत्री तीसरी बार शासन करने वाले नरेंद्र मोदी अगर प्रधानमंत्री बनेंगे तो उनके कैबिनेट में कौन होगा, किसे कैबिनेट में कुछ महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो दिए जाएंगे और किस तरह से वह अपने मंत्रियों का चयन करेंगे इस बात को लेकर अब लोग बातें करने लगे हैं।
इस समय बीजेपी में लाल कृष्ण आडवाणी की तरह कई ऐसे नाम हैं जिन्होंने अटल बिहारी वाजपेई के कार्यकाल में भी अहम रोल अदा किया था। अब जबकि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे तो यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि क्या मोदी इस बार भी उन्हें अपनी कैबिनेट में जगह देंगे। सूत्रों पर अगर भरोसा करें तो अरुण जेटली, अरुण शौरी, सुषमा स्वराज, नितिन गडकरी और पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह को मोदी की ओर से बड़ी और अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती है। फिलहाल अभी केंद्र में सरकार आने में समय है लेकिन एक नजर डालिए कि अगर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे तो फिर गृह मंत्रालय, वित्त मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय जैसा अहम विभाग कौन संभालेगा।




