नई दिल्ली: सितंबर 2010 के जामा मस्जिद आतंकवादी हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में नया खुलासा किया। पुलिस ने कहा कि मिनी स्कर्ट पहने विदेशी लड़कियों को जामा मस्जिद में जाते देखकर इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) के सह संस्थापक यासिन भटकल और उसका सहयोगी असादुल्ला अख्तर यहां हमला करने का फैसला किया था। इन दोनों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दायर की गई है। इस हमले में दो ताईवानी पर्यटक गोली लगने से घायल हो गए थे।
अपनी चार्जशीट में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कोर्ट को बताया भटकल और असादुल्ला को विदेशी युवतियों के छोटे कपड़े गैर-इस्लामिक लगे इसलिए इन दोनों ने मस्जिद के गेट नंबर 3 पर हमला करने की ठानी। पुलिस के मुताबिक, गेट नंबर तीन से मिनी स्कर्ट और कम कपड़े पहने विदेशी टूरिस्ट आते रहते हैं इसलिए यहां पर हमला करने की योजना बनाई गई।
पुलिस ने अदालत को बताया कि 19 सितंबर 2010 को दो बाइक सवारों ने पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद के द्वार पर पर्यटकों पर गोलीबारी की थी, जिसमें दो ताईवानी गोली लगने से घायल हो गए थे। भटकल और अख्तर को भारत-नेपाल सीमा से पिछले साल 28 अगस्त को गिरफ्तार किया था। भारत में कई आतंकवादी हमलों के लिए इन दोनों की सुरक्षा एजेंसियों को तलाश थी।




