Uncategorized

बोकारो में बोले बाबूलाल मरांडी- राज्य में काम के नाम पर सिर्फ इवेंट हो रहे

डॉ प्रकाश कुमार के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने जेवीएम की सदस्यता ग्रहण की

NEWSWING

Bokaro, 08 November : सिटी पार्क वनभोज स्थल में झाविमो बोकरो विस का मिलन समारोह हुआ. समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बाबूलाल मरांडी उपस्थित थे. कार्यक्रम में मारवाड़ी कॉलेज रांची के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ प्रकाश कुमार के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने जेवीएम की सदस्यता ग्रहण की. सदस्यता ग्रहण करने बाद उन्होंने कहा कि राज्य में अगली सरकार झाविमो की होगी. 

सीएम को इवेंट मैनेजर बना देना चाहिए

कार्यक्रम में उपस्थित बाबूलाल मरांडी ने राज्य की डावांडोल व्यवस्था और सीएम के कार्यों की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य में काम के नाम पर सिर्फ इवेंट हो रहे हैं. उन्होंने यहां तक कह दिया कि जिस तरह से यहां आये दिन इवेंटस हो रहे हैं उस हिसाब से तो सीएम को इवेंट मैनेजर बना देना चाहिए. उन्होंने कहा, राज्य में विकास कार्य रूक गया है. जनता को सिर्फ बरगलाने के लिए नये-नये हथगंडे अपनाये जा रहे हैं. 

सारे कार्य कागजों और समारोहों तक सीमित

कभी सरकार मोमेंटम के नाम पर हाथी उड़ा देती है, तो कभी माइनिंग शो किया जा रहा है. सारे कार्य कागजों और समारोहों तक सीमित हो गये हैं. जमीनी स्तर पर विकास कार्य कहीं नजर नहीं आ रहा. उन्होंने राज्य में  भ्रष्टाचार पर कहा कि भ्रष्टाचार यहां संस्थागत रूप ले चुका है. जन्म प्रमाण पत्र बनवाना हो या मृत्यु प्रमाण पत्र अधिकारियों को रिश्वत देनी ही पड़ती है. हर टेंडर के लिए कमीशन फिक्स है. राज्य में शासन और सुरक्षा व्यवस्था फेल है. पीडीएस सिस्टम फेल है. लोगों को अनाज नहीं मिल रहा है. गरीबों की भूख और गरीबी से जान जा रही है. राज्य की महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं. दुष्कर्म, छेड़छाड़ की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. सरकार राज्य की समस्याओं को निपटाने के बजाय पीठ थपथपाने में लगी है. 

पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रही सरकार

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार आमजनों को नजरअंदाज कर सिर्फ पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रही है. ऐसा करने के लिए नियमों में भी बदलाव किया जा रहा है. इसी के तहत उर्जा नीति 2012 में बदलाव कर अडानी को फायदा पहुंचाने की कोशिश जारी है. झारखंड में बिजली उत्पादन कर बांग्लादेश में बेचने की तैयारी हो रही है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार का हाल यह है कि शराब बेचने वालों को 25 हजार रूपये वेतन दिये जा रहे हैं जबकि स्कूलों में पढ़ानेवाले पारा शिक्षकों को मात्र आठ हजार रूपये मिल रहे हैं. इस स्थिति से राज्य का हाल और राज्य सरकार की मंशा साफ झलक रही है. 

राज्य में कानून व्यवस्था चौपट: डॉ सबा अहमद

समारोह में केंद्रीय उपाध्यक्ष डॉ सबा अहमद भी उपस्थित थे उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर आम लोगों को सिर्फ बरगला रही है. वर्तमान सरकार में राज्य में शिक्षा का स्तर निम्न हो गया है. नौजवान बेरोजगारी से परेशान हैं. नियम बना कर लोगों को पेंशन जैसी सुविधाओं तक से वंचित कर दिया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि एक ओर राज्य में कानून व्यवस्था चौपट हो रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार बुलेट ट्रेन की बात कर रही है. आम जनता ऐसी सरकार से मुक्ति चाहती है. 

क्षेत्र में हर जगह समस्या: डॉ प्रकाश कुमार

यहां मारवाड़ी कॉलेज रांची के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ प्रकाश कुमार के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने जेवीएम की सदस्यता ग्रहण की. डॉ प्रकाश ने कहा कि बोकारो विस के पंचायतों का दौरा करने के दौरान यह बात सामने आयी की क्षेत्र में हर जगह समस्या व्याप्त है. कहीं सड़क नहीं है, तो कही बिजली नहीं है. पेयजल, सुरक्षा जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं. लोगों की ऐसी आम समस्याओं को खत्म करने के लिए हमें काम करना होगा. कार्यक्रम में झाविमो बोकारो जिला पदाधिकारी और विभिन्न पंचायत के दर्जनों लोग मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button