NEWS WING
Daltonganj, 08 November : आज से ठीक एक साल पहले यानी आठ नंबवर 2016 को नोटबंदी का ऐलान हुआ था. एक साल बाद अब इसी मुद्दे पर बुधवार को पलामू समेत पूरे प्रदेश और देश में सियासी घमासान मचा. कांग्रेस ने जहां काला दिवस मनाया, वहीं भाजपा ने काला धन विरोधी दिवस बताकर जश्न मनाया. कांग्रेस के अलावा झामुमो, राजद, झाविमो सहित अन्य विपक्षी दलों के नेता एवं कार्यकर्ता एक मंच पर नजर आए और सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया.
कांग्रेस ने नोटबंदी को बताया संगठित लूट, भाजपा ने कहा नोटबंदी एक नैतिक कदम
पलामू जिले में सत्ता पक्ष और विपक्ष द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. कांग्रेस ने नोटबंदी को संगठित लूट बताते हुए केन्द्र सरकार पर जमकर हमला बोला. दोनों पार्टी के नेताओं के बीच जुबानी जंग काफी तेज नजर आयी. भाजपा की ओर से बताया गया कि नोटबंदी का फैसला एक नैतिक कदम और अभियान था. जो नैतिक रूप से सही होता है, वही सही राजनीति भी होती है. नोटबंदी का फैसला उचित था और सरकार इसके लक्ष्य व परिणाम से संतुष्ट है. हालांकि इसका पूरा स्वरूप कुछ दिनों बाद सामने आएगा.
कांग्रेस ने मनाया ब्लैक डे
नोटबंदी के एक वर्ष पूरा होने पर पलामू प्रमंडलीय कांग्रेस कमिटी की ओर से यहां कांग्रेस भवन से रैली निकालकर जमकर प्रदर्शन किया गया. कार्यक्रम में प्रमंडलीय प्रभारी व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद सरफराज अहमद, पलामू जिला प्रभारी अजय नाथ शहादेव, पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी और पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा शामिल हुए.
नोटबंदी ने देश के विकास को पीछे ढ़केलने का काम किया
इस मौके पर सरफराज अहमद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नोटबंदी कर देश के विकास को पीछे ढ़केलने का काम किया है. कहा कि नोटबंदी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था, वहीं सैकड़ो लोगों की बैंकों के लाईन में खड़े रहने से मौत हो गयी, जो देश के लिए बड़ी ही निन्दनीय घटना है.
नोटबंदी ने गरीबों को तंग और तबाह करने का काम कियाः त्रिपाठी
इस मौके पर केएन त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने नोटबंदी कर गरीबों को तंग और तबाह करने का काम किया है. इस दौरान सैकड़ों फैक्ट्री बंद हो गये, हजारों मजदूर बेरोजगार हो गये और भाजपा की सरकार इसे देश का विकास मान रही है. श्री त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लंबे संघर्ष का नतीजा है कि आज देश में विकास कि किरणें दिख रही हैं. उन्होंने कहा कि राज्य की रघुवर सरकार आम जनता को गुमराह कर कारपोरेट घरानों का विकास करने में जुटी हुई है.
ये थे मौजूद
इस मौके पर चतरा के प्रभारी जगदीश साहु, गढ़वा जिलाध्यक्ष आशिफ अंसारी, लातेहार जिलाध्यक्ष मनोज नाथ शाहदेव, कमर यासमीन, रामाशीष पांडेय, लक्ष्मी नारायण तिवारी, कैशर जावेद, शमीम अहमद राईन, धन्नजय तिवारी, पूर्णिमा पांडेय, श्याम नारायण सिंह, भोला पांडेय, बलराम पांडेय, बसंत सिंह सहित कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे. इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर शुक्ला ने किया.
राजद और झामुमो का संयुक्त धरना प्रदर्शन
झारखंड मुक्ति मोर्चा, राष्ट्रीय जनता दल और झारखंड विकास मोर्चा ने संयुक्त रूप से समाहरणालय परिसर में धरना देकर नोटबंदी का विरोध किया. इस मौके पर नेताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए नोटबंदी को देश के विकास के लिए खतरा बताया और कहा कि यह भाजपा की सरकार की सोची-समझी साजिश है. इसके पूर्व झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने काला बिल्ला लगाकर शहर के मुख्य मार्गों का भ्रमण किया. इसके बाद समाहरणालय स्थित धरना स्थल पहुंचे. कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिन्हा ने की, जबकि संचालन राजद के जिलाध्यक्ष शंकर यादव ने किया.
भाजपा ने मनाया काला धन विरोधी दिवस
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहु ने गीता भवन में कहा कि नोटबंदी के सालगिरह को भाजपा कालाधन विरोधी दिवस के रूप में मना रही है. नोटबंदी, भ्रष्टाचार, आंतकवाद और नक्सलवाद पर करारा प्रहार है. नोटबंदी से जाली नोट के कारोबार पर काफी हद तक अंकुश लगा है. भारतीय अर्थव्यवस्था काफी मजबूत हुई है. उन्होंने कहा कि 56 लाख नये करदाता जुड़े हैं. 636 करोड़ रुपये जब्त किये गये. उन्होंने कहा कि डिजिटल ट्रांजेक्शन में 56 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. 5800 फर्जी कंपनियों का पता चला है, जिसके लेन-देन की जांच की जा रही है.




