
New Delhi : कर्नाटक के चुनावी परिणाम ने यूं तो किसी भी दल को बहुमत का स्वाद नहीं चखने दिया, लेकिन एक तरफ कांग्रेस जेडीएस के साथ सरकार बनाने की जुगत में है, वहीं बीजेपी ने भी अपना दांव खेल दिया है. आंकड़ा सैंकड़ा पार करने के बाद बीजेपी भले ही स्पष्ट जनादेश से दूर हो, लेकिन पार्टी की ओर से सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया गया है. पार्टी के सीएम उम्मीदवार बीएस येदुरप्पा ने राज्यपाल वजुभाई से मुलाकात करने के बाद सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए सदन में बहुमत हासिल कर लेने का भी भरोसा दिलाया. बीजेपी को उम्मीद है कि सबसे बड़े दल के रूप में उभरने के कारण राज्यपाल उसे ही सरकार बनाने का न्योता देंगे.
इसे भी पढ़ें- कर्नाटक में कांग्रेस का बड़ा दांव, जेडीएस के साथ बना सकती है सरकार, बीजेपी भी अंकगणित के फेर में जुटी
जेडीएस ने भी किया सरकार बनाने का दावा
इधर कांग्रेस के समर्थन से जेडीएस ने भी सरकार बनाने का दावा पेश किया है. हालांकि जेडीएस के सीएम उम्मीदवार कुमारस्वामी ने भी राज्यपाल से शाम 5.30 बजे का समय मांगा था, लेकिन उससे पहले येदियुरप्पा राज्यपाल से मिलने पहुंच गए.
इसे भी पढ़ें- जो जीतेगा कर्नाटक चुनाव 2019 में उसकी ही होगी जीतः रामदेव
क्या कहते हैं मौजूदा समीकरण ?
गौरतलब है कि बीजेपी इस वक्त 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी है लेकिन जादुई आंकड़े-112 से दूर है. सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते बीजेपी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है. राज्य में किसकी सरकार बनेगी ये राज्यपाल के ऊपर निर्भर करता है. हालाकि हाल ही में गोवा और मणिपुर में ये देखने को मिला थी कि सबसे बड़ी पार्टी होने के बाद भी कांग्रेस सत्ता से दूर हो गई थी और बीजेपी किसी न किसी तरीके से सत्ता तक पहुंचने में कामयाब रही थी.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




