पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 100 दिन पूरे होने पर बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने मोदी सरकार को 10 में से तीन अंक दिए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के शासनकाल में बिहार में अच्छे दिन नहीं आए हैं।
पटना में सोमवार को “जनता के दरबार में मुख्यमंत्री” कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मांझी ने कहा, बिहार के परिप्रेक्ष्य में हम मोदी सरकार से कहेंगे कि अच्छे दिन नहीं आए हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार को न्याय नहीं मिला है। विकास कार्यो में केंद्र का सहयोग नहीं मिला है, बजट में भी बिहार की घोर उपेक्षा हुई है। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की बात कही गई थी, मगर अब तक नहीं मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रधानमंत्री से मिलकर अपनी बात उनके समक्ष रखेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी को सौ दिन पूरा करने पर दस में तीन अंक देते हैं।
मुजफ्फरपुर में एक निर्माणाधीन पुल के ध्वस्त हो जाने से जुड़े एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पुल के ध्वस्त हो जाने की जांच की जा रही है। पथ निर्माण मंत्री खुद पूरे मामले को देख रहे हैं। जांच के बाद दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकारों द्वारा दागी जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई से संबंधित एक सवाल के जवाब में मांझी ने कहा कि जब तक किसी आपराधिक मामले में अंतिम अदालत से फैसला नहीं हो जाता, उस समय तक किसी को दागी नहीं कहा जा सकता। बिहार में ऎसा कोई दागी जनप्रतिनिधि नहीं है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह 21 से 25 सितंबर के बीच पांच दिवसीय लंदन यात्रा पर जा रहे हैं।




