Uncategorized

बिहारः हाईटेंशन तार की चपेट में आए ट्रैक्टर सवार, 6 की दर्दनाक मौत

News Wing

Gopalganj, 21 November: भोरे थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर टोला रावा रक्ता में सोमवार की शाम पीड़िया के जुलूस के दौरान करेंट से दो नर्तकियों समेत छह लोगों की मौत हो गयी.  इनमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि एक नर्तकी ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों में दो की पहचान हो चुकी है, जबकि चार अन्य की पहचान नहीं हो पायी है. इसके साथ ही 12 लोग लापता हैं.

ट्रैक्टर पर सवार थे 18 लोग

पुलिस ने बताया कि हुस्सेपुर टोला रावा रक्ता होकर अकटहा पोखरा के पास जुलूस जा रहा था. इस दौरान ट्रैक्टर से लगी ट्राली पर नर्तकियों का डांस हो रहा था. रावा रक्ता से जुलूस आगे जैसे ही बढ़ा कि पहले से झुके हुए हाईटेंशन तार की चपेट में आने से ट्रैक्टर में करेंट दौड़ गया. इससे ट्रैक्टर से लगी ट्राली पर सवार सभी लोग झुलस गये. करीब 18 लोग ट्रैक्टर पर सवार थे, जिनमें छह लोगों का सुराग मिला है, जबकि अन्य लोगों का कोई अता-पता नहीं चल सका है. 

शवों को भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए 

पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के कल्याणपुर प्रतिमा टोला निवासी स्व रामायण यादव के पुत्र (35 वर्ष) जीतन यादव और इसी गांव के सुशील पाल के पुत्र (22 वर्ष) रवि पाल के रूप में की गयी है. दोनों आॅर्केस्ट्रा देखने मेले में पहुंचे थे. वहीं, नर्तकी और अन्य मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. भोरे थाने की पुलिस देर शाम तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं कर सकी थी. शवों को बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. 

सीवान के नौतन से आया था झंकार आॅर्केस्ट्रा 

सीवान के नौतन थाना क्षेत्र के बंगा मोड़ से झंकार आॅर्केस्ट्रा आया था. स्थानीय लोगों के मुताबिक आॅर्केस्ट्रा  में चार नर्तकी, छह पुरुष कलाकार और दो साउंड ऑपरेटर शामिल थे. इनमें मृत दो नर्तकियों और दो पुरुष कलाकार के शवों की पहचान नहीं हो सकी है. आॅर्केस्ट्रा का संचालक कुमार विशू व मालकिन स्वीटी कुमारी बतायी गयी है. 

सख्त कार्रवाई की जायेगी: एसपी

घटना को लेकर गोपालगंज एसपी मृत्युंजय कुमार चौधरी ने कहा है कि छह की मौत की पुष्टि हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. सख्त कार्रवाई की जायेगी.
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button