News Wing
Koderma, 2 November: उपायुक्त संजीव कुमार बेसरा की दूसरी शादी को लेकर केंद्र ने राज्य सरकार को पत्र भेजा है. कार्रवाई की जानकारी मांगी है. केंद्रीय कार्मिक विभाग ने मामले को लंबे समय तक लटकाये रखने का कारण भी जानना चाहा है. केंद्र के पत्र के बाद राज्य सरकार ने मामले की समीक्षा के लिए अपर मुख्य सचिव इंदुशेखर चतुर्वेदी को जिम्मेदारी सौंपी है.
संजीव बेसरा की पहली पत्नी ने लगाया आरोप
राज्य सरकार ने संजीव बेसरा की पहली पत्नी सरिता सोरेन की ओर से लगाये गये आरोपों की फाइल भी समीक्षा के लिए भेज दी है. अपर मुख्य सचिव की रिपोर्ट के आधार पर ही संजीव बेसरा पर विभागीय कार्यवाही चलाने का फैसला सरकार करेगी. राज्य में किसी आइएएस अफसर पर दूसरी शादी करने का यह पहला मामला है.
2012 बैच के आइएएस अधिकारी हैं संजीव बेसरा
कोडरमा के उपायुक्त संजीव बेसरा 2012 बैच के आइएएस अधिकारी हैं. भारतीय प्रशासनिक सेवा में आने से पहले वह डिफेंस अकाउंट्स सर्विस में थे. उनकी पहली शादी एक सरकारी इंजीनियर की बेटी सरिता सोरेन से हुई थी. बाद में उन्होंने स्टेफी तेरेसा मुर्मू से दूसरी शादी कर ली. इसके बाद पहली पत्नी सरिता सोरेन ने बिना तलाक दिये दूसरी शादी करने की शिकायत की थी. इस शिकायत के कारण संजीव बेसरा की अब तक सेवा भी संपुष्ट नहीं हो सकी है. सरिता सोरेन ने प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय से भी संजीव बेसरा के खिलाफ तलाक लिये बिना ही दूसरी शादी करने की शिकायत की थी.
कस्टमरी लॉ के तहत अलग हो चुके थे संजीव और सरिता
शिकायत मिलने के बाद राज्य सरकार ने संजीव बेसरा से मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए अपना पक्ष पेश करने के कहा था. जवाब में संजीव बेसरा की ओर से कहा गया कि वह संतालियों के बीच प्रचलित निजी कानून (कस्टमरी लॉ) के तहत सरिता सोरेन से अलग हो गये हैं. सरिता सोरेन उनके साथ नहीं रहना चाहती थी, इसलिए वह उनसे कस्टमरी लॉ के तहत अलग हो गये.
सरिता सोरेन ने प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय कार्मिक विभाग को की शिकायत
संजीव बेसरा के जवाब के बाद मामला काफी दिनों तक दबा रहा. राज्य सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाये जाने के बाद सरिता सोरेन ने प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय कार्मिक विभाग को शिकायत की. प्रधानमंत्री कार्यालय के सख्त रुख के बाद राज्य सरकार ने मामले की समीक्षा की जिम्मेदारी अपर मुख्य सचिव को सौंपी.
हो चुका है तलाक : डीसी
कोडरमा के उपायुक्त संजीव बेसरा ने सवाल उठाया है कि अगर सरिता के साथ तलाक नहीं हुआ तो उसकी दूसरी शादी कैसे हुई. उन्होंने कहा है कि तलाक हो चुका है. इसके बाद सरिता ने दूसरी शादी की है. उसके बच्चे भी हैं.यह एक सच्चाई है, जिसे छिपाया नहीं जा सकता है.




