मुंबई : सुपरस्टार शाहरुख खान ने ट्विटर पर अपने एक करोड़ प्रशंसकों को उपहार दिया है। उन्होंने अपने प्रशंसकों का आभार व्यक्त किया और उन्होंने साथ ही यह भी संकेत दिया कि वह जल्द ही ऑडियो ब्लॉगिंग शुरू करेंगे। शाहरुख ने अपने प्रशंसकों को संदेश देने के लिए ऑडियो कार्ड का इस्तेमाल किया।
अपने संदेश में उन्होंने कहा, “नमस्कार! मैं शाहरुख खान। मैं अपना परिचय इसलिए कर रहा हूं क्योंकि आपमें से कुछ ने मुझे रेडियो पर सुना है, कुछ ने टेलीविजन पर तो कुछ ने फिल्मों में, लेकिन यह पहली बार है जब आप मुझे ट्विटर पर सुन रहे हैं। आप सभी ने मुझे इतना प्यार दिया, तो इससे बेहतर कारण क्या हो सकता है आपको प्यार करने का।”
साथ ही उन्होंने कहा, “आप सभी का बहुत शुक्रिया, ढेर सारा प्यार। मुझे चेताया गया है कि अगर आपको यह पसंद आया तो मैं ऑडियो ब्लॉगिंग शुरू कर दूंगा। मैं डरा हुआ हूं। ढेर सारा प्यार और एक बार फिर आप सभी को धन्यवाद।”
अपनी फिल्मों की बातों से लेकर अपने परिवार के साथ बिताए क्षणों को शाहरुख आज तक 8000 ट्वीटों के माध्यम से अपने प्रशंसकों को अवगत कराते रहे हैं।




